रुड़की,30 सितम्बर (अनिल पुंडीर): झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित अमन को पुलिस ने बीती देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। झबरेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम से आमना-सामना होने पर अमन ने बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के अनुसार, झबरेड़ी कलां गांव में रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या के बाद से अमन फरार था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। बीती देर रात पुलिस को अमन के क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। खुद को पुलिस से घिरता देख अमन ने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमन के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमन ने बहन रूपा के प्रेम प्रसंग को लेकर नाराजगी जताई। उसने पुलिस को बताया कि बहन के पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज से संबंधों को लेकर उसे गांव में ताने सुनने पड़ते थे। उसने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के बीच संबंध खत्म नहीं हुए। इसी बात को लेकर वह लगातार आक्रोशित था। अमन ने पूछताछ में बताया कि बार-बार समझाने के बावजूद बात नहीं बनी तो वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने बहन रूपा और मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था।