देहरादून। प्रेम नगर पुलिस ने साथी छात्रों को ड्रग सप्लाई कर रहे एक निजी संस्थान के दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.73 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद की गयी है।
पुलिस के अनुसार विगत दिवस प्रेमनगर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पौंधा के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय निवासी मलप्पुरम, केरल, हाल निवासी ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर और 25 वर्षीय निवासी मलप्पुरम, केरल, हाल निवासी ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर के रूप में हुई है। पुलिस को एक आरोपी के कब्जे से 4 ग्राम और दूसरे के कब्जे से 4.73 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई. दोनों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों आरोपी छात्र निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं। महंगे शौक पूरे करने के लिए एमडीएमए सस्ते दामों पर खरीदकर लाए थे। उनका इरादा इसे शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का था। पूछताछ में उन्होंने नशा तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही राजपुर पुलिस ने एमडीएमए ड्रग के साथ 6 छात्रों को गिरफ्तार किया था। ये सभी दिल्ली के सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू गैंग के तस्कर थे।