बरोटीवाला चोरी कांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

चोरी की नकदी, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

विकासनगर। बरोटीवाला क्षेत्र के एक स्कूल परिसर स्थित घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल तीन अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कोतवाली विकासनगर पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को बरोटीवाला निवासी गोपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर के कमरे की जाली तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गए। घटना के खुलासे के लिए कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण और एसएसआई शिशुपाल सिंह राणा के नेतृत्व में एसआई चंद्रशेखर नौटियाल, कुल्हाल चौकी प्रभारी सूरज कंडारी, एसआई सनोज कुमार समेत पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल के आसपास और क्षेत्र के प्रमुख रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाकर लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात चेकिंग के दौरान बाबूराम (65) पुत्र स्व. चरणदास, निवासी तोलाराम बस्ती, नवाबगढ़, विकासनगर को शक्ति नहर पुल नंबर एक से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की नकदी और दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या यूके-16-ए-1458 भी बरामद की है।

पूछताछ में बाबूराम ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को हुई चोरी की वारदात में उसके साथ तीन अन्य लोग भी शामिल थे। इनमें सोनू निवासी लुधियाना, उसका साला राजेंद्र निवासी भटिंडा, पंजाब तथा राजेंद्र के साले का बेटा मदन निवासी नयागांव क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस अब तीनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *