Author: वीरेंद्र भारद्वाज

  • पीपलकोटी टनल हादसे मे मिला एक और श्रमिक का शव, 9 पहुंची मृतकों की संख्या

    पीपलकोटी टनल हादसे मे मिला एक और श्रमिक का शव, 9 पहुंची मृतकों की संख्या

    चमोली। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद SDRF सहित अन्य रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा लापता श्रमिकों की तलाश एवं राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। कठिन परिस्थितियों मे रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ टनल के भीतर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

    अभियान के दौरान लुकास टोपनो पुत्र बोयसा टोपनो, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम सीमरटोली, पोस्ट कामरा, जिला खूंटी, झारखंड को टनल से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

    हादसे में अब तक 09 श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 01 श्रमिक अभी भी लापता है। लापता श्रमिक की तलाश के लिए SDRF एवं अन्य रेस्क्यू टीमें लगातार सर्चिंग में जुटी हुई हैं।

  • आबादी क्षेत्र मे चर रहे घोड़े को मुँह मे दबोच कर ले गया बाघ, दहशत

    आबादी क्षेत्र मे चर रहे घोड़े को मुँह मे दबोच कर ले गया बाघ, दहशत

    रामनगर। कार्बेट रिजर्व से सटे रामनगर के गर्जिया क्षेत्र में जंगल से निकल कर आये बाघ ने आबादी क्षेत्र से चर रहे घोड़े को मार डाला और घसीटते हुए ले गया। आसपास के लोग इस दृश्य को देखकर महज सोच मचाते ही रह गए। घटना के बाद क्षेत्र मे दहशत का माहौल है।

    घटना सोमवार दोपहर की है। घटना के बाद मौके पर पहुँची  वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ लोगों को झूला पुल और जंगल के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। बताया जाता है कि दोपहर करीब 1:30 बजे नेशनल हाईवे-309 पर झूला पुल चौराहे के पास, पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के समीप बाघ ने एक घोड़े पर हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ घोड़े को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। जिस जगह बाघ ने घोड़े को अपना शिकार बनाया, वह क्षेत्र आबादी से बिल्कुल सटा हुआ है। झूला पुल चौराहे के आसपास दिनभर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में दिन के समय बाघ का आबादी के बेहद करीब पहुंचना चिंता बढ़ाने वाला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बाघ की गतिविधियां सामने आती रही हैं।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ ने अचानक घोड़े पर हमला किया और उसे घसीटते हुए जंगल की तरफ ले गया। आसपास मौजूद लोगों की आवाज़ें भी सुनाई दे रही थीं, लेकिन बाघ घोड़े को लेकर जंगल की ओर चला गया।

    घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही बाघ की संभावित लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा के अनुसार, विभाग क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से जंगल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की गई है। उन्होंने विशेष रूप से लोगों को झूला पुल की ओर जाने से बचने की सलाह दी है।आबादी के पास दिनदहाड़े बाघ द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने की घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाघ की गतिविधियां इसी तरह आबादी के आसपास जारी रहती हैं तो भविष्य में इंसानों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त और निगरानी और बढ़ाने की मांग की है।

     

  • 10 हजार की रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी को विजिलेंस ने दबोचा

    10 हजार की रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी को विजिलेंस ने दबोचा

    हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में विजिलेंस ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते  सहायक कृषि अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

    शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत की थी कि उसके भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता टीम ने ट्रैप जाल बिछाया और आज हरिओम यादव पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल, हाल सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, जिला हरिद्वार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ के  कर रही है।

  • करंट से माँ-बेटी की मौत के मामले मे उप खंड के अवर अभियंता सस्पेंड

    करंट से माँ-बेटी की मौत के मामले मे उप खंड के अवर अभियंता सस्पेंड

    देहरादून। ऋषिकेश के खदरी ग्रामसभा में रविवार शाम तेज बारिश और हवा के दौरान एलटी लाइन का तार टूटकर पानी में गिरने से करंट की चपेट में आई महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में यूपीसीएल ने कार्रवाई करते हुए रायवाला विद्युत वितरण उपखंड के अवर अभियंता शम्भू प्रसाद बहुगुणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

    गौरतलब है कि 16 अगस्त की शाम शिव मंदिर गली निवासी सुमन पत्नी हरपाल जेठुडी अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ मोटा प्लाट स्थित अपनी बहन के घर गई हुई थी। देर शाम को सुमन तेज वर्षा के बीच अपनी बच्ची के साथ घर जाने के लिए निकली थी। इस दौरान मार्ग में बिजली की तार टूट गई, अंधेरा होने के कारण उसे तार नहीं दिखाई और वे तार के संपर्क में आ गए, जिससे सुमन व उसकी बच्ची को बुरी तरह करंट लग गया और वे बेसुध हालत में पड़ गए।

    यूपीसीएल के निदेशक ने घटना विस्तृत जांच के निर्देश दिए। विद्युत दुर्घटना की जांच के लिए मुख्य अभियंता राजकुमार, मुख्य अभियंता मोहित जोशी और मुख्य अभियंता अमित कुमार की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

    प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने प्रदेशभर में विद्युत लाइनों और अन्य विद्युत परिसंपत्तियों की विशेष सुरक्षा जांच तथा निवारक अनुरक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सभी वितरण खंडों में एलटी लाइनों, ज्वाइंट, टर्मिनल, कनेक्शन और अन्य संवेदनशील बिंदुओं की जांच की जाएगी। लोड की स्थिति में थर्मल विजन कैमरों से हॉट स्पॉट और असामान्य तापमान वाले स्थानों की पहचान कर तत्काल सुधार किया जाएगा।

     

  • उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन माॅडल से रूबरू हुए श्रीलंका के अधिकारी

    उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन माॅडल से रूबरू हुए श्रीलंका के अधिकारी

    श्रीलंका के 40 अधिकारियों ने किया यूएसडीएमए का दौरा

    देहरादून। नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (एनसीजीजी) के तत्वावधान में आपदा प्रबंधन विषय पर आयोजित क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत श्रीलंका के 40 सदस्यीय सिविल सेवा अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) पहुंचकर राज्य में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पूर्व चेतावनी व्यवस्था, मौसम आधारित जोखिम प्रबंधन, भूस्खलन न्यूनीकरण, तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा समुदाय की भागीदारी से संचालित आपदा प्रबंधन तंत्र को समझा। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड में मानव वन्य जीव संघर्षों को कम करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

    इस अवसर पर यूएसडीएमए के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में निरंतर तैयारी और जोखिम को पहले से समझने की मांग करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा प्रबंधन को केवल घटना के बाद की प्रतिक्रिया के रूप में नहीं, बल्कि जोखिम की पहचान, न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, प्रशिक्षण, तकनीकी क्षमता और विभागीय समन्वय को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में वैज्ञानिक संस्थानों एवं स्थानीय समुदायों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

    यूएसडीएमए के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी ने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में सूचना प्राप्ति से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन तक विभिन्न स्तरों पर स्पष्ट समन्वय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने राज्य एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों की भूमिका, घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस), बहु-स्रोत चेतावनी तंत्र तथा तकनीक आधारित सूचना एवं निर्णय सहायता प्रणालियों के बारे में प्रतिनिधिमंडल को विस्तार से अवगत कराया।

    मौसम विशेषज्ञ डॉ. पूजा राणा ने उत्तराखण्ड में मौसम संबंधी जोखिमों की निगरानी और पूर्व चेतावनी के लिए अपनाई जा रही वैज्ञानिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा उपग्रह आधारित निगरानी, डॉप्लर वेदर रडार, स्वचालित मौसम केंद्र, स्वचालित वर्षामापी तथा अन्य आधुनिक उपकरणों से प्राप्त आंकड़ों का निरंतर विश्लेषण किया जाता है। मौसम संबंधी इस रियल-टाइम सूचना के आधार पर विभिन्न अवधि के पूर्वानुमान एवं प्रभाव आधारित चेतावनियां तैयार की जाती हैं, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक तैयारियां की जा सकें।

    उत्तराखण्ड भू-स्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र (यूएलएमएमसी) के जियोलाॅजिस्ट डॉ. रघुवीर नेगी ने राज्य में भूस्खलन के जोखिम को कम करने के लिए अपनाए जा रहे वैज्ञानिक उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, भू-वैज्ञानिक एवं भू-तकनीकी अध्ययन, रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस आधारित विश्लेषण, ड्रोन सर्वेक्षण, ढलानों की निगरानी तथा वर्षा और भूस्खलन के बीच संबंधों के अध्ययन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर जोखिम वाले क्षेत्रों के लिए उपयुक्त उपचारात्मक एवं स्थिरीकरण उपाय तय किए जाते हैं। इनमें जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना, ढलानों को स्थिर करना तथा आवश्यक इंजीनियरिंग हस्तक्षेप शामिल हैं। अत्यधिक वर्षा और भूस्खलन से प्रभावित होने वाले श्रीलंका के लिए उत्तराखण्ड में अपनाई जा रही ये व्यवस्थाएं विशेष रूप से उपयोगी एवं अध्ययन योग्य रहीं।

    इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उत्तराखण्ड की आपदा प्रबंधन प्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद किया और राज्य में अपनाए जा रहे तकनीकी एवं संस्थागत उपायों में विशेष रुचि दिखाई। इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश कुमार पुनेठा, एनसीजीजी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ए.पी. सिंह, डॉ. एमके भण्डारी सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

     

    *अंतरराष्ट्रीय सहयोग से मजबूत होता है आपदा प्रबंधन-सुमन*

    देहरादून। सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में निरंतर सीखने, अनुभव साझा करने और नई कार्यप्रणालियों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के अधिकारियों के साथ संवाद एवं अनुभवों का आदान-प्रदान आपदा जोखिमों से निपटने की तैयारियों को व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है। उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में विकसित संस्थागत व्यवस्थाओं, तकनीकी नवाचारों और जमीनी अनुभवों को साझा करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही प्रभावी प्रणालियों को समझना भी राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और मजबूत करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के साथ भविष्य की आपदाओं के प्रति अधिक सक्षम, समन्वित और लचीली व्यवस्था विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

  • गांव के बीच संचालित हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री अब होगी सील, डीएम ने दिये निर्देश 

    गांव के बीच संचालित हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री अब होगी सील, डीएम ने दिये निर्देश 

    अतिक्रमण, अवैध फैक्ट्री और आपदा कार्यों में अनियमितता पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश

    समाधान दिवस में 150 से अधिक शिकायतें प्राप्त, डीएम ने दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

    ग्राम पंचायत पापड़ियांन में आपदा मद में अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने बिठाई जांच 

    सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं 4 मंजिला निर्माण की शिकायत पर डीएम ने दिए जांच के निर्देश

    विशेष बच्चे विशेष आवासीय देखभाल गृह में प्रवेश न देने पर डीएम ने दिए जांच के निर्देश

    देहरादून। जन समाधान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष  150 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। जिनमें कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

    जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ करना सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
    शिकायतकर्ता प्रस्तुत शिकायत में तहसील विकासनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत पापड़ियांन में ग्राम प्रधान द्वारा वर्ष 2023 से 2026 तक आपदा के अंतर्गत किए गए कार्यों में कथित फर्जीवाड़े एवं अनियमितता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिला विकास अधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त रूप से प्रकरण की जांच करते हुए 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उपलब्ध अभिलेखों, कराए गए कार्यों एवं संबंधित मद में हुए व्यय का परीक्षण करते हुए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए।
    शिकायतकर्ता मोहम्मद शाहिद राव, खुर्शीदा बेगम एवं इकराम, मिहूवाला निवासी द्वारा अपनी पैतृक भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा मारपीट कर कब्जा करने का प्रयास किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रकरण में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शिकायतकर्ता की शिकायत पर तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
    ग्राम झीवरहेड़ी, विकासनगर क्षेत्र में आबादी के बीच अवैध रूप से हैवी वेल्डिंग मशीनें लगाकर फैक्ट्री संचालित किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी विकासनगर एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (जीएमडीआईसी) को संबंधित फैक्ट्री को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। प्रकरण में जिला उद्योग केंद्र द्वारा पूर्व में किए गए निरीक्षण में पाया गया था कि संबंधित स्थल औद्योगिक उपयोग के लिए वर्गीकृत नहीं है। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं अग्निशमन विभाग की आवश्यक एनओसी भी प्राप्त नहीं की गई थी। जिलाधिकारी ने इस स्थिति के बावजूद फैक्ट्री संचालन तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    शिकायतकर्ता सूर्य प्रकाश द्वारा दोनों पैरों में कृत्रिम अंग लगवाने हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में प्रस्तुत शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई करते हुए 15 दिन के भीतर शिकायतकर्ता को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
    नगर निगम एवं ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर को प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। शिकायत में चार मंजिला मकान के निर्माण का भी आरोप लगाया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके का स्थलीय निरीक्षण करते हुए भूमि एवं निर्माण से संबंधित अभिलेखों की जांच की जाए तथा यदि अतिक्रमण अथवा अवैध निर्माण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

    विशेष बच्चे प्रिंस अग्रवाल के लतिका राय फांउडेशन में प्रवेश के संबंध में प्राप्त शिकायत का जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। शिकायतकर्ता बच्चे के पिता एवं एकमात्र अभिभावक द्वारा बताया गया कि फाउंडेशन में प्री-एडमिशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण किए जाने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई तथा बार-बार अनुरोध के बाद भी उचित समाधान नहीं हो पाया। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए बच्चे के हित में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रकरण के सभी तथ्यों की निष्पक्षता से जांच की जाए तथा बच्चे के हित एवं उसके सर्वांगीण विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से निस्तारित न किया जाए, बल्कि शिकायत की वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समयबद्ध निस्तारण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर विशेष जोर दिया।

    एइस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • पूर्व सीएम तीरथ सिंह बने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, देखे सूची

    पूर्व सीएम तीरथ सिंह बने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, देखे सूची

    देहरादून। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी मे उत्तराखंड से पूर्व सीएम एवं पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पौड़ी से सांसद अनिल बलूनी मीडिया संयोजक के बाद पर बरकरार रखे गए हैं। पौड़ी सीट से टिकट कटने के बाद हाशिये पर चल रहे तीरथ सिंह के पास लंबे समय से कोई दायित्व नही था और अब उन्हें संगठन मे तरजीह दी गयी है।

    सूची

     

  • 23 अगस्त तक करानी होगी घरेलू गैस की EKYC, न कराने पर आपूर्ति होगी बाधित

    23 अगस्त तक करानी होगी घरेलू गैस की EKYC, न कराने पर आपूर्ति होगी बाधित

    देहरादून। जनपद देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की EKYC प्रक्रिया तेजी चल रही है जिसके लिए भारत सरकार द्वारा अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी l

    जनपद देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं जिनमें से अभी तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने ईकेवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं ने अभी तक नहीं कराई है। इनमें 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं। ऐसी दशा में भारत सरकार द्वारा एक अवसर और प्रदान करते हुए अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र ईकेवाईसी पूर्ण कर लें।
    ईकेवाईसी करने के तीन सरल माध्यम उपलब्ध
    एक, संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर;
    दो, गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप व बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से, और तीन, संबंधित तेल विपणन कंपनी (जैसे इण्डेन, भारत गैस या एचपी गैस) का अधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड कर स्वयं भी की जा सकती है।
    जिला पूर्ति अधिकारी श्री के के अग्रवाल द्वारा सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अपनी ईकेवाईसी पूर्ण कराकर घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ प्राप्त करते रहें।

    निर्धारित अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 तक भी EKYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित हो जाएगी और उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस उपलब्ध होगी l

  • सिलेंडर वितरण वाहन जब्त, जांच मे कम मिली गैस, मुकदमा दर्ज

    सिलेंडर वितरण वाहन जब्त, जांच मे कम मिली गैस, मुकदमा दर्ज

    देहरादून। जिलाधिकारी के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट को मौके पर भेजा गया। जांच में ग्राम सोडा सिरौली में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर थे, जिनमें से 4 सिलेंडरों से लगभग 1 किलो से 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए। स्थानीय लोगों ने भी पुष्टि की कि वितरण कर्मियों द्वारा अवैध रूप से गैस निकाली जा रही थी, जिसका वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया। मौके पर गैस स्थानांतरण में प्रयुक्त रिफिलर भी बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर विधिक कार्यवाही की गई। संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रतनेश चंद्रपाल पुत्र के खिलाफ तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर, जनपद देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया। बरामद सभी 26 सिलेंडर सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिए गए हैं।

    जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री संतोष भट्ट तथा पूर्ति सहायक श्री विजय शामिल रहे।
    जिला पूर्ति अधिकारी, देहरादून के. के. अग्रवाल ने अवगत कराया कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर की जाएगी।

  • टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू तेज, फंसी मशीनों को बाहर निकालने का कार्य जारी

    टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू तेज, फंसी मशीनों को बाहर निकालने का कार्य जारी

    लापता दो लोगों की तलाश जारी, हर संभावित स्थान पर बारीकी से खोजबीन

    देहरादून। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए जिला प्रशासन की ओर से रविवार को रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा रेस्क्यू में जुटी सभी टीमों से समन्वय करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

    लापता दोनों लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी के स्तर को कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। पानी की निकासी से टनल के भीतर रेस्क्यू टीमों के आगे बढ़ने और प्रभावित हिस्सों में गहन खोजबीन करने के लिए रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

    रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर फंसी मशीनों एवं अन्य भारी अवरोधों को हटाने का कार्य भी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों एवं उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की मदद से फंसी मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास तेजी से जारी है, ताकि रेस्क्यू टीमों के लिए टनल के अंदर आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो सके। मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाते हुए संभावित सभी स्थानों पर बारीकी से खोजबीन की जा रही है।

    रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर प्रत्येक संभावित स्थान को चिन्हित कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और ऐसे सभी हिस्सों की भी गहन जांच की जा रही है, जहां लापता लोगों के होने की संभावना हो सकती है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए टीमों द्वारा लगातार आगे बढ़कर खोजबीन की जा रही है।

    जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत में हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।