Author: वीरेंद्र भारद्वाज

  • नीति घाटी मे लापता हवलदार पंकज के परिजनों से वार्ता कर सीएम ने दिया मदद का भरोसा

    नीति घाटी मे लापता हवलदार पंकज के परिजनों से वार्ता कर सीएम ने दिया मदद का भरोसा

    तलाश के लिए मुख्यमंत्री ने दिए प्रभावी निर्देश,परिजनों की सोशल मीडिया पर गुहार का मुख्यमंत्री ने लिया स्वतः संज्ञान*

    चमोली। चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश के चलते उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर उनके परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिजनों की इस गुहार का स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

    मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चल रहे खोज एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जाए और अभियान में हरसंभव तेजी लाई जाए। सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF एवं SDRF की टीमें लगातार खोज अभियान में जुटी हैं।

    हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है तथा खोज अभियान की प्रगति की निरंतर जानकारी ली जा रही है।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से भी दूरभाष पर वार्ता कर उनका हाल जाना तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने परिजनों को हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने और परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है और परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है।

  • अटल की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण स्मरण, सीएम ने दी श्रद्धांजलि

    अटल की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण स्मरण, सीएम ने दी श्रद्धांजलि

    देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी माँ भारती के उपासक, राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता, प्रख्यात कवि और लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

    उन्होंने कहा कि अटल ने राजनीति में उच्च आदर्शों और मूल्यों की स्थापना की। उन्होंने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ ही भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी दूरदर्शी सोच, सरल एवं सहज व्यक्तित्व तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

  • स्वतंत्रता दिवस पर सीएम ने परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण, 7 अहम घोषणाएं

    स्वतंत्रता दिवस पर सीएम ने परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण, 7 अहम घोषणाएं

    देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

    मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया तथा फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। जिसमें 7 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा के आधार पर एवं 6 को विशिष्ट कार्यों के आधार पर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

    मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाना, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना तथा जिन लोगों ने अपने घर एवं आजीविका खोई है, उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करना है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव सामग्री पहुंचाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल एवं विद्युत लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 अनेक दृष्टियों से ऐतिहासिक है। इस वर्ष देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इसी वर्ष संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती तथा सिक्ख पंथ के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी वर्ष भी मनाया जा रहा है। उन्होंने विभाजन विभीषिका के दौरान अमानवीय यातनाएं झेलने, अपनों को खोने और विस्थापन का दर्द सहने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी।

     

    मुख्यमंत्री ने की सात महत्वपूर्ण घोषणाएं

    *’’1.’’ चमोली, पौड़ी एवं अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।*

    *’’2.’’ प्रदेश के प्रथम ‘युवा आयोग’ की स्थापना की जाएगी।*

    *’’3.’’ सीमावर्ती ग्रामों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों एवं अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता एवं प्रोत्साहन दिया* जाएगा।

    *’’4.’’ वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा का विस्तार कर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।*

    *’’5.’’ प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्यांश 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।*

    *’’6.’’ 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। आईआईटी एवं आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दी जाएगी।*

    *’’7.’’ प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास सरकार के लिए राजनीतिक समर्थन मात्र नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

    समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी  दीपम सेठ, शासन के सचिवगण, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल एवं अन्य महानुभाव उपस्थित थे।

  • मायापुर–पीपलकोटी टनल हादसे मे एक लापता श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

    मायापुर–पीपलकोटी टनल हादसे मे एक लापता श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

    चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और लापता श्रमिक का शव बरामद किया गया है, जबकि टनल में लापता दो अन्य श्रमिकों की तलाश लगातार जारी है।

    SDRF की टीम निरीक्षक करण सिंह के नेतृत्व में टनल के भीतर लगातार सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है। अभियान के दौरान SDRF टीम द्वारा NDRF, जिला पुलिस, प्रशासन एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तकनीकी संसाधनों एवं आवश्यक उपकरणों की सहायता से टनल के संभावित स्थानों पर विस्तृत सर्चिंग की जा रही है।

    टनल के भीतर मौजूद पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंप सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश की जा सके।

    SDRF की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ आपसी समन्वय से टनल के भीतर संभावित सभी स्थानों पर गहन सर्च अभियान चला रही हैं। लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए SDRF रेस्क्यू टीम द्वारा पूरी तत्परता के साथ अभियान जारी रखा गया है और श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

  • कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी के आवास पहुंचे हरक सिंह, कहा कारवाई बदले की भावना

    कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी के आवास पहुंचे हरक सिंह, कहा कारवाई बदले की भावना

    भाजपा विधायक के दबाव में प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी : डॉ हरक सिंह

    देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत ने कहा कि आज भाजपा के मंत्री ,विधायक सत्ता के अहंकार में विपक्षी नेताओं को ही नही आम लोगों को भी प्रताड़ित करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी लगातार भाजपा विधायक की नाकामियों और उनके भ्रष्टाचार को जनता के बीच उजागर करने का काम कर रहे थे इसी से बौखला कर भाजपा विधायक ने पुलिस पर दबाव बनाकर सूरत सिंह नेगी पर कई फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए हैं जिस कारण पुलिस प्रशासन लगातार उनका और उनके परिवार का मानसिक उत्पीड़न कर रहा है ।

    डॉ0 हरक सिंह रावत ने कहा कि जहां एक ओर अंकिता भंडारी प्रकरण में असली दोषी वी आई पी अभी भी कानून के शिकंजे से बाहर है , बेरोजगारों के पेपर लीक का असली दोषी मास्टरमाइंड अभी भी कानून के शिकंजे में नहीं आ सका हैं और तमाम बड़े-बड़े भू माफिया जिनके कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है उन पर पुलिस की कोई सख्ती कभी दिखाई नहीं देती है, लेकिन विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए भाजपा नेताओं के दबाव में पुलिस अभूतपूर्व रूप से सक्रिय हो जाती है ।

    उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पढ़ी-लिखी जनता यह सब देख और समझ रही है यह सरासर भेद भाव पूर्ण और बदले की भावना से सूरत सिंह नेगी को प्रताड़ित करने की करवाई है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । उन्होंने सूरत सिंह नेगी के परिजनों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वह और पूरी कांग्रेस पार्टी उनके परिजनों के साथ है। पुलिस प्रशासन की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। वह संकट के समय अपने को अकेला ना समझे । इसीलिए वह उनके परिजनों से मुलाकात करने आए हैं ।

    इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह नेगी गुरुजी प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट बंटू पार्षद अनिल सिंह छेत्री कांग्रेस नेता सागर मनवाल विजय सिंह चौहान, हिमेश नेगी , सरिता बिष्ट और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

     

  • पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रेवलर खाई मे गिरा, 2 की मौत, 14 घायल

    पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रेवलर खाई मे गिरा, 2 की मौत, 14 घायल

    हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले पर्यटकों से भरे टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत की खबर है। रामगढ़ में लुक्ताधार मे हुई घटना मे 14 यात्री घायल हो गए. वहीं, 6 यात्री सुरक्षित हैं। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

    हरियाणा, फरीदाबाद, दिल्ली के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर संख्या UP14 TQ 9690 रामगढ़ क्षेत्र में करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में 22 पर्यटक सवार थे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने के दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। वाहन नीचे पेड़ों पर जाकर फंस गया।

    हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के बीच पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर घायलों को एक-एक कर बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया. इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया. जहां पर घायलों का उपचार किया जा रहा है. गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे मे सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह (उम्र 24 वर्ष) निवासी- फरीदाबाद तथा एक अन्य अज्ञात की मौत हो गयी। 

    घायल व्यक्तियों के नाम
    (1) मनीष कुमार उम्र 25 वर्ष
    (2) कुo नंदिनी उम्र 22 वर्ष
    (3) तुषार कुमार उम्र 21 वर्ष
    (4) लक्ष्मी उम्र 27 वर्ष
    (5) मयंक उम्र 17 वर्ष
    (6) प्रदीप कुमार उम्र 26 वर्ष
    (7) कुo रितिका उम्र 23 वर्ष
    (8) हर्ष वर्मा उम्र 26 वर्ष
    (9) कुमारी पायल उम्र 22 वर्ष
    (10) आनंद उम्र 27 वर्ष
    (11) अजय उम्र 25 वर्ष
    (12) अंजलि उम्र 22 वर्ष
    (13) कुo मिस्टी उम्र 10 माह
    (14) यश कुमार उम्र 27 वर्ष [चालक]

    मामूली रूप से घायल क्रमश
    (1) धर्मेंद्र उम्र 24 वर्ष
    (2) डॉली उम्र 25 वर्ष
    (3) अंजलि उम्र 23 वर्ष
    (4) धीरज उम्र 25 वर्ष
    (5) अंकित उम्र 26 वर्ष
    (6) सोनिया उम्र 23 वर्ष

    दुर्घटना में मृतक
    (1) सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी फरीदाबाद
    (2) दूसरे मृतक के बॉडी को रेस्क्यू किया जा रहा है नाम अभी ज्ञात नहीं हो सका है।

     

     

  • कुंभ के लिए तीन किमी नए घाटों का निर्माण, घाटों के रखरखाव और विस्तार पर जोर

    कुंभ के लिए तीन किमी नए घाटों का निर्माण, घाटों के रखरखाव और विस्तार पर जोर

    हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए हरिद्वार में घाटों के विकास, विस्तार, जीर्णोद्धार और बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हरिद्वार कुंभ क्षेत्र में वर्तमान में छोटे-बड़े कुल 104 घाट हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग साढ़े बारह किलोमीटर है। आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने घाटों के विस्तार और सुधार को प्राथमिकता दी है।

    वर्तमान में हरिद्वार में चार नए घाटों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कुंभ क्षेत्र में तीन नए घाटों के निर्माण को स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। इन नए घाटों की कुल लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने घाटों के निर्माण, विस्तार, स्वच्छता और संरक्षण में लोक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की संस्थाओं को जोड़ने की भी पहल की है। इसके तहत विभिन्न संस्थाओं से घाटों के निर्माण, जीर्णोद्धार और रख-रखाव के लिए प्रस्ताव प्राप्त किए जा रहे हैं।

    घाटों के विस्तार और नए घाटों के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं के लिए स्नान के अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होंगे, बल्कि प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।

    घाटों के नव निर्माण, जीर्णोद्धार और साफ-सफाई में सीएसआर के माध्यम से संस्थागत सहभागिता की इस पहल को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। सीएसआर के तहत प्राप्त प्रस्तावों पर विचार के लिए शासन के निर्देशानुसार मेलाधिकारी सोनिका द्वारा मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों की उपयोगिता, व्यवहार्यता, तकनीकी पहलुओं तथा मेला आवश्यकताओं के अनुरूपता का परीक्षण किया जा रहा है।

    इसी क्रम में शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     

     

  • खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री, टनल मे रेस्क्यू ऑपरेशन का लेंगे जायजा

    खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री, टनल मे रेस्क्यू ऑपरेशन का लेंगे जायजा

    मृतक और लापता व्यक्तियों की सूची जारी

    पीपलकोटी। बेहद खराब मौसम के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीपलकोटी पहुंचे। प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी बेहद मुश्किल परिस्थितियों में हो सकी। मुख्यमंत्री टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

    मुख्यमंत्री मौके पर मौजूद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जानेंगे।

    टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी एजेंसियां युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।

     

    टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को बाहर निकाला गया, 3 की तलाश जारी,7 लोगों की मौत

    मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से रातभर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

    टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा एवं पानी आने की स्थिति उत्पन्न हुई है। इसके चलते टनल में कार्यरत कुछ लोग अंदर फंस गए।

    टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी, जिनमें से रातभर चले राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 19 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। वहीं शेष 3 लोगों की तलाश एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं। घटना में अभी तक 7 लोगों की मृत्यु की सूचना है।

    रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

    राहत एवं बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित अन्य तकनीकी एवं विशेषज्ञ टीमें मौके पर मौजूद हैं। टनल के भीतर मलबा एवं पानी की चुनौती के बीच बचाव दल अत्यंत सावधानी एवं समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

    जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों से लगातार जानकारी लेते हुए शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों एवं तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ ही घायलों के उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी लगातार जुटाई जा रही हैं।

    जिला प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है।

    देखे मृतक, घायल और लापता व्यक्तियों की सूची

     

     

     

  • चमोली सुरंग हादसे मे 7 लोगों की मौत, पानी और गाद मे दबे जीवन को बचाने की जंग जारी

    चमोली सुरंग हादसे मे 7 लोगों की मौत, पानी और गाद मे दबे जीवन को बचाने की जंग जारी

    चमोली। चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की टनल धसने से हुए हादसे में 7 श्रमिकों की मौत ह गयी है। श्रमिकों की मौत की आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो गई है। इनमें एक टिहरी जिले के चंबा और दूसरा चमोली जिले के उर्गम क्षेत्र का रहने वाला था। घटना में घायल 15 अन्य श्रमिकों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

    गौरतलब है कि टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टनल में वीरवार शाम धसाव होने से सेकडों टन मलबा और पानी भर गया। 444 मेगावाट की इस परियोजना की पीपलकोटी स्थित 3.5 किलोमीटर लंबी टनल के 1.5वें किलोमीटर पर यह हादसा हुआ। बताया गया है कि यह टेल रेस टनल (टीआरटी) है, जिससे विद्युत उत्पादन के बाद पानी निकलकर नदी में चला जाता है। टनल में पानी और मलबा भर जाने के कारण श्रमिक उसमें फंस गए। शाम को पुलिस, मौके पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और फायर सर्विस के जवानों ने एचसीसी के अन्य श्रमिकों और मशीनों के साथ तत्काल टनल में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 

    देर रात तक 22 श्रमिकों को टनल से निकाल लिया गया था, जिनमें 7 की मौत हो गई। अन्य 14 घायलों को गोपेश्वर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक अन्य को डिस्चार्ज कर दिया गया है। शेष 12 घायलों का उपचार वहां चल रहा है। एक घायल पीपलकोटी के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती बताया गया है। गोपेश्वर अस्पताल लाए गए घायलों में 5 झारखंड, 4 बिहार, 2 छत्तीसगढ़ और 1-1 पंजाब व हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। अब तक जिन 7 मृतकों की आधिकारिक पुष्टि हुई है, उनमें टिहरी जिले के चंबा क्षेत्र का 31 वर्षीय प्रदीप पंवार व चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक क्षेत्रातंर्गत उर्गम का रहने वाला मुकेश शामिल हैं। अन्य मृतक झारखंड व बिहार के हैं।

    बताया जाता है कि घटना के वक़्त टनल मे 28 श्रमिक कार्य कर रहे थे। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि अब भी कुछ श्रमिक मलबे में दबे हैं, जिनकी तलाश में शुक्रवार तड़के सर्च ऑपरेशन फिर शुरू कर दिया गया। टनल के भीतर 

    रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने में जवानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्दन तक की गहराई में पानी और मलबा भरे होने के कारण आगे बढ़ना मुश्किल था। इसके चलते एसडीआरएफ के जवानों ने प्लास्टिक के नीले ड्रमों को बांधकर उन्हें पानी-मलबे में नाव की तरह इस्तेमाल किया और आगे बढ़े। श्रीनगर से राफ्ट भी मंगाई गई है, जो तड़के मौके पर पहुंच गई। मलबे में मजदूरों के गहराई तक दबे होने की आशंका में ऑपरेशन बेहद सावधानी से चलाया जा रहा है।

    धामी ने की झारखंड के मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता की।

    मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को टनल में फंसे उनके राज्यों के श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया और बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 16 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है तथा शेष प्रभावित श्रमिकों के लिए भी सभी आवश्यक प्रयास निरंतर जारी हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जा रही है। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा आवश्यकता के अनुरूप विशेषज्ञ उपचार, दवाइयों, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की आवश्यकता होगी तो उसके लिए भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

    मुख्यमंत्री आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार उनके राज्यों के प्रत्येक प्रभावित श्रमिक और उनके परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य सरकारों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक सूचनाएं साझा की जा रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और राज्य सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा, उपचार और सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।

     

     

     

     

  • सीएम ने युवाओं से किया संवाद, कहा-बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

    सीएम ने युवाओं से किया संवाद, कहा-बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

    देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान, तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में रोजगार की नई संभावनाओं तथा देहरादून में यातायात जाम की समस्या के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

    पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं सौर स्वरोजगार योजना सहित पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और उनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।

    उच्च शिक्षा को मजबूत करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

    विज्ञान, तकनीक एवं एआई के दौर में रोजगार की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार के स्वरूप में परिवर्तन हो रहा है और नई संभावनाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करते हुए ‘फ्यूचर रेडी’ बनना होगा। सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल एवं नई तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

    देहरादून में यातायात जाम की समस्या के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से देहरादून शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।