देहरादून। दीपावली के बाद कुमाऊँ के कालाढूंगी से दुखद खबर सामने आयी है। आगजनी मे तीन लोग जान से हाथ धो बैठे।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के कालाढूंगी रोड स्थित कुमाऊं टेंट हाउस के गोदाम में दीपावली के रात आग लग गयी। उस टाइम टेंट हाउस के गोदाम में सो रहे तीन कर्मचारी भी चपेट मे आ गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन की गाड़ियों ने आग पर मुश्किल से काबू पाया ।
नवाबी रोड पर गिरीश हेडिया का कुमाऊं टेंट हाउस और गोदाम है। जहां पर 30 से 40 कर्मचारी काम करते हैं। रविवार को अधिकांश कर्मचारी दीपावली मनाने के लिए घर गए थे जबकि छह कर्मचारी यहीं रह गए थे। इसमें से रामनगर के मालधनचौड़ निवासी रविन्द्र, कृष्ण कुमार और धारी निवासी रोहित पुरी टेंट हाउस के अंदर ही सो गए थे। बाकी तीन बाहर सोए हुए थे। रात 12 बजे टेंट हाउस में अचानक आग लग गई।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटना रात करीब 12:00 बजे के आसपास की है । जहां कालाढूंगी रोड स्थित कुमाऊं टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई, वहां टेंट हाउस के गोदाम में तीन कर्मचारी सो रहे थे। आग लगने के बाद कर्मचारी उसमें से भाग नहीं पाए, मौके पर ही तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। आग से दुकान का सारा टेंट हाउस का सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी के कारणों का पता नही लग पाया है।