रुड़की,16 अक्टूबर (अनिल पुंडीर):थाना पथरी पर नीरज चौहान पुत्र राजेश चौहान निवासी वानप्रस्थ गेट कनखल रोड दयानन्द नगरी थाना ज्वालापुर द्वारा तहरीर दी गई कि वह और उसका दोस्त नवलदीप निवासी कनखल हरिद्वार किसी काम से धनपुरा आये हुये थे, तो उनके साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर उनकी दो सोने की अंगूठी, एक चांदी की चैन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लाकेट तथा दो मोबाईल फोन लूट लिये गये।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी। लूट की घटना का अनावरण किये जाने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने अज्ञात चोरों की तलाश व माल बरामदगी हेतु तकनीकी एवं मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर प्रयास करते हुए मुखबिर की सूचना पर रविदास मन्दिर के पास लक्सर रोड पर पुलिस टीम द्वारा तीन संदिग्ध को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया माल बरामद किया गया। दोनों पीड़ित द्वारा बरामद माल व लुटेरों की शिनाख्त की गई।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अरुण कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम टांडा भागमल थाना लक्सर जिला हरिद्वार उम्र 24 वर्ष, रितिक पुत्र जगदीश निवासी टांडा भागमल थाना लक्सर जिला हरिद्वार उम्र 22 वर्ष तथा विशाल पुत्र अमरीश निवासी शाहपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार उम्र 19 वर्ष बताया।गिरफ्तारशुदा आरोपियों के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है।