राष्ट्रपति के दौरे मे हाई अलर्ट पर पुलिस, डकैतों ने गन प्वाइंट पर लूट लिया ज्वेलरी शो रूम – News Debate

राष्ट्रपति के दौरे मे हाई अलर्ट पर पुलिस, डकैतों ने गन प्वाइंट पर लूट लिया ज्वेलरी शो रूम

देहरादून। राज्य स्थापना दिवस समारोह मे पहली बार राष्ट्रपति की उपस्थिति के चलते पुलिस भी प्रोटोकॉल में बेहद व्यस्त रही। शायद डकैतों को इसकी भनक पहले से रही हो या उन्होंने रेकी भी तसल्ली से की हो। हाई अलर्ट पर रही पुलिस व्यवस्था के बावजूद डकैतों ने ज्वैलेरी शो रूम लूट लिया।

पुलिस मुख्यालय और सचिवालय से चंद कदम दूर राजधानी मे डकैती की बरदात हो गयी। घटना सुबह 10 बजे से 10:30 बजे के बीच की है। पांच डकैत देहरादून के राजपुर रोड में सेंट जोसेफ एकेडमी स्कूल के ठीक सामने रिलायंस ज्वैलर्स के यहां डकैती करने आ धमके। दीपावली के त्यौहार को देखते हुए ज्वेलरी शॉप में बड़ी मात्रा में बहुमूल्य आभूषण रखे हुए थे। डकैतों ने सभी कर्मियों को गन प्वाइंट पर ले लिया। ज्वैलरी शॉप के कर्मचारियों को बंधक बनाकर भारी मात्रा में कीमती आभूषण पर डाका डाल दिया। आधे घंटे में ही डकैतों ने पूरी ज्वैलरी शॉप खाली कर डाली और यहां से रफूचक्कर हो गए। लूट 10 करोड़ के आसपास मानी जा रही है।

पुलिस को इसकी सूचना मिली तो आनन-फानन में थाने की पुलिस ज्वैलरी शॉप पर पहुंची। बताया जा रहा है कि जिस दौरान डकैत ज्वैलरी शॉप पर पहुंचे, उसे समय शॉप के कर्मचारी वहां पहुंचे ही थे और आभूषण को ज्वैलरी शॉप में व्यवस्थित कर रहे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देहरादून दौरे और राज्य स्थापना दिवस के कारण पुलिस हाई अलर्ट मोड पर थी, लेकिन इस सबके के बीच दिन दहाड़े डकैतों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया.

घटना चैलेंज के रूप में स्वीकार, बदमाश जल्द होंगे गिरफ्तार: एसएसपी 

एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि यह घटना पुलिस को चैलेंज के रूप मे स्वीकार है। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ  तत्काल स्पेशल टीम का गठन करते हुए घटना के अनावरण हेतु संबंधित अधिकारियो को निर्देश दिए गए हैं।

दून पुलिस को बिहार के गैंग का मिला इनपुट, 4 टीमें गठित

वेस्ट बंगाल,महाराष्ट्र, हरियाणा आदि कई रिलायंस स्टोर्स में हो चुकी लूटपाट

राजपुर रोड स्थित रिलायन्स के ज्वैलरी शो-रूम में हुई लूट की घटना के अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

जिसमें क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में सर्विलांस, सीसीटीवी व घटना के सम्बन्ध में जानकारी व संदिग्धों से पूछताछ हेतु अलग-अलग 04 टीमों का गठन किया गया। जिनके द्वारा पूर्व में घटित इस प्रकार की घटनाओं के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित करते हुए प्रकाश में आये गैंगो की जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी करने पर उडीसा, महाराष्ट्र, पश्चिमी बंगाल तथा दिल्ली में भी रिलायन्स ज्वैलरी शो-रूम में इस प्रकार की घटनाएं सामने आयी है।

शुरूआती जांच में घटना में संलिप्त आरोपियों के सम्बन्ध में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। जिसमें बिहार से सम्बन्धित गैंग का उक्त घटना में संलिप्त होना प्रकाश में आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं पुलिस अधीक्षक नगर के साथ मिलकर गठित पुलिस टीमों के कार्यों की क्लोज मॉनिटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *