बिरसा मुंडा का बलिदान देश के लिए गौरव का विषय, नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी भाजपा: राम माधव - News Debate

बिरसा मुंडा का बलिदान देश के लिए गौरव का विषय, नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी भाजपा: राम माधव

प्रदेश प्रभारी ने कहा- जनजातीय समाज ने आजादी की लड़ाई में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

– जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा मुख्यालय में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर श्रद्धांजलि

– 18 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों और जिला कार्यालयों में होंगे कार्यक्रम

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास की गौरवशाली विरासत है। उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जनजातीय समाज को जागरूक और संगठित कर बड़ी क्रांति का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहा है। भाजपा भी जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उसके गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रही है।

राम माधव ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर देश के जनजातीय समाज के इतिहास में गौरवशाली दिन है। झारखंड से जुड़े भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों की जनजातीय विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने समाज को जागरूक और एकजुट कर बड़ा आंदोलन खड़ा किया। उनके संघर्ष ने आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी और उन्होंने इसके लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। भारत में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज निवास करता है और उत्तराखंड में भी विभिन्न जनजातीय समुदायों की महत्वपूर्ण उपस्थिति है। बिरसा मुंडा का योगदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय समाज के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आने वाले दिनों में प्रदेशभर में, विशेषकर जनजातीय बहुल क्षेत्रों और भाजपा के जिला कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं और सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में अविस्मरणीय बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा।

भट्ट ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन किसी एक वर्ग, पार्टी या संगठन का प्रयास नहीं था। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने योगदान दिया, जिनमें जनजातीय समाज की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। नई पीढ़ी को इस इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि वनवासी और जनजातीय समाज के योगदान के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव मजबूत हो सके।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *