लौट आया जंगल सफारी का रोमांच,20 जनवरी तक नाइट स्टे फुल
रामनगर। विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क के सबसे लोकप्रिय और रोमांचक ढिकाला पर्यटन जोन के दरवाजे पर्यटकों के लिए रविवार को खुल गए हैं। मानसून सीजन के बाद 15 नवंबर की सुबह ढिकाला में एक बार फिर जंगल सफारी का रोमांच लौट आया। स्थानीय विधायक व पार्क अधिकारियों ने सुबह साढ़े छः बजे धनगढ़ी गेट से पहली सफारी को हरी झंडी दिखाकर जंगल के भीतर रवाना किया गया। आज से ही पर्यटकों को डे सफारी के साथ-साथ जंगल के बीच बने वन विश्राम गृहों में रात्रि विश्राम की सुविधा भी शुरू हो जाएगी। पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढिकाला में रात्रि विश्राम के लिए 20 जनवरी 2027 तक की ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है। ढिकाला जोन खुलने के मौके पर रविवार सुबह से ही धनगढ़ी गेट पर पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट पार्क के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने पर्यटकों का फूल-मालाओं से स्वागत कर पहली सफारी पर रवाना होने वाले कैंटर वाहनों को हरी झंडी दिखाई। बरसात के दौरान जंगल के भीतर बहने वाली नदियों और बरसाती नालों में उफान आने के साथ ही कई रास्तों के क्षतिग्रस्त होने से पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग मानसून के दौरान इस जोन में पर्यटन गतिविधियां बंद कर देता है। बरसात समाप्त होने के बाद हर साल 15 नवंबर को ढिकाला जोन को दोबारा खोल दिया जाता है। इस दौरान उपनिदेशक शिरिन पंडित, पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह, रेंज अधिकारी ललित आर्य, संजय पांडे सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बाघों के दीदार से लेकर हाथियों के झुंड तक, ढिकाला की अलग पहचान
कॉर्बेट का ढिकाला जोन देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वन्यजीव पर्यटन के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। यहां विशाल घास के मैदान, रामगंगा नदी का खूबसूरत नजारा, घने जंगल और वन्यजीवों की विविधता पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है, ढिकाला में बंगाल टाइगर, हाथियों के विशाल झुंड, हिरण, सांभर, चीतल, गुलदार, जंगली सूअर, मगरमच्छ और घड़ियाल सहित अनेक वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिलता है। इसके अलावा यहां 500 से अधिक पक्षी प्रजातियों की मौजूदगी पक्षी प्रेमियों और बर्ड वॉचर्स के लिए भी इसे खास बनाती है। यही वजह है कि वन्यजीव प्रेमियों के बीच ढिकाला को कॉर्बेट का हार्ट ऑफ द जंगल कहा जाता है।
डे सफारी के साथ आज से शुरू होगी नाइट स्टे की सुविधा
रामनगर: ढिकाला जोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पर्यटक सिर्फ दिन में जंगल सफारी ही नहीं करते, बल्कि जंगल के कोर एरिया में बने वन विश्राम गृहों में रात बिताने का रोमांच भी महसूस कर सकते हैं। 15 नवंबर से डे सफारी के साथ ही नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू हो रही है। जंगल के बीच रात गुजारना, वन्यजीवों की आवाजें सुनना और सुबह की पहली किरण के साथ जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियां देखना पर्यटकों के लिए बेहद खास अनुभव होता है। वन विभाग के अनुसार ढिकाला में कुल 41 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें मुख्य ढिकाला कैंप में 28 कमरे, सुल्तान में 2, गैरल में 6, खिनानौली में 3 और सर्पदुली रेंज में 2 कमरे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पर्यटकों के लिए 20 बेड की डॉरमेट्री की सुविधा भी उपलब्ध है।
20 जनवरी 2027 तक रात्रि विश्राम की बुकिंग फुल
रामनगर: ढिकाला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस पर्यटन सीजन में रात्रि विश्राम के लिए ऑनलाइन बुकिंग की भारी मांग है, 20 जनवरी 2027 तक सभी उपलब्ध कमरे और नाइट स्टे की बुकिंग फुल हो चुकी है, इसके बाद 22 जनवरी 2027 को आगामी एक महीने के लिए ऑनलाइन बुकिंग का अगला स्लॉट खोला जाएगा, देश-विदेश के पर्यटक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कराते हैं। जिन पर्यटकों को इस बार बुकिंग नहीं मिल सकी है, उन्हें अगले स्लॉट का इंतजार करना होगा। ढिकाला जोन में डे सफारी के लिए प्रतिदिन आठ कैंटर संचालित किए जाते हैं। जिसमें चार कैंटर सुबह और चार कैंटर शाम की पाली में जंगल सफारी के लिए रवाना होते हैं। एक कैंटर में 16 पर्यटक सफारी का आनंद ले सकते हैं। डे सफारी के लिए प्रति पर्यटक परमिट शुल्क लगभग 2 हजार रुपये है। रात्रि विश्राम के लिए एक कमरे का परमिट लगभग 5 हजार रुपये बताया जाता है। इसके अलावा जिप्सी का किराया करीब 6 हजार रुपये, नेचर गाइड का शुल्क लगभग 2 हजार रुपये और भोजन का खर्च प्रति व्यक्ति एक समय के लिए करीब 400 रुपये अलग से देना होता है। इन सभी खर्चों के बावजूद पर्यटकों में ढिकाला में रात्रि विश्राम को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।
मोबाइल फोन गेट पर ही हुए जमा
इस बार ढिकाला जोन में पर्यटकों के प्रवेश के दौरान मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था भी देखने को मिली। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में पर्यटकों के मोबाइल फोन जंगल में प्रवेश से पहले जमा कराए गए। पर्यटकों को उनके मोबाइल फोन ढिकाला जोन के निर्धारित कैंपस में पहुंचने पर वापस किए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य जंगल के संवेदनशील क्षेत्र में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।