जल्द रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती नहीं होने पर आमजनता के साथ आंदोलन की चेतावनी
बागेश्वर (गोविंद मेहता) जिले मे अधिकारियों के टोटे से नाराज कांग्रेस ने प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला फूँका।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवत डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को एसबीआई तिराहे पर एकत्रित हुए और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने कहा कि अधिकारी विहीन जिला मात्र एक पीसीएस अधिकारी के भरोसे चल रहा है। बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद सरकार ने एडीएम सीएस इमलाल व एसडीएम गरुड़ को कुमाऊं आयुक्त कार्यालय में सबंद्ध कर दिया। बागेश्वर, कपकोट, गरुड़, काड़ा, काफलीगैर, दुग नाकुरी और उप तहसील शामा में केवल एक मात्र पीसीएस अधिकारी के सहारे चल रहा हैं। जिलाधिकारी भी छुट्टी पर हैं। मात्र दो नायब तहसीलदारों के भरोसे यहां की तहसीलें चल रही हैं। जबकि पटवारी और कानूनगो स्तर के कर्मी तहसीलदार का पद देख रहे हैं। लोगों को प्रमाण पत्र बनाने में खासी दिक्कत हो रही है। हजारों रुपये खर्च कर जब ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंच रहे हैं तो उन्हें अधिकारी नहीं मिल रहे हैं। वह खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। इस तरह की मनमानी कांग्रेस कतई सहन नहीं करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, राजेंद्र टंगड़िया,पूर्व जिपं अध्यक्ष , हरीश ऐठानी, कवि जोशी,भीम कुमार, सुनील भंडारी, राजेंद्र परिहार, देवेंद्र गोस्वामी, गोपाल राम, लक्ष्मी धर्मशक्तू, ललित गिरी, गोकुल परिहार, देवेंद्र परिहार, आदि मौजूद रहे।