देहरादून: हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त ने मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मीडिया से बातचीत में मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और मेले से जुड़ी तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडल आयुक्त को कांवड़ मेले के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंडल आयुक्त को निर्माण कार्यों एवं अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति से भी अवगत कराया। मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।