चार्टन लॉज में सुरक्षा कार्य शुरू, लोगों ने जताई राहत की उम्मीद

देहरादून। नगर के चार्टन लॉज क्षेत्र में भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी के स्थायी उपचार के लिए सिंचाई विभाग ने सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया है। करीब 6.99 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य क्षेत्र को भूस्खलन के खतरे से सुरक्षित करना है। लंबे समय से जोखिम झेल रहे स्थानीय लोगों ने कार्य शुरू होने पर राहत की उम्मीद जताई है।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) डीके सिंह ने बताया कि कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में पहाड़ी को मजबूत करने के लिए पाइलिंग, दूसरे चरण में ढलान को स्थिर करने के लिए एंकरिंग तथा अंतिम चरण में पहाड़ी पर सुरक्षात्मक स्टील जाल (स्टील नेट) लगाया जाएगा। इससे विशेष रूप से बारिश के दौरान मलबा और चट्टानों के खिसकने की आशंका काफी हद तक कम होगी। निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर बजरी फैलने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी शांति देवी ने बताया कि सड़क पर बिखरी बजरी के कारण राहगीर और बाइक सवार कई बार फिसल चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कार्य के साथ-साथ मार्ग की नियमित सफाई कराने की मांग की है। चार्टन लॉज क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। मशीनों और निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है, जिससे कार्य की गति प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि क्षेत्र में मुनादी कर सड़क किनारे खड़े वाहन हटाने की अपील की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के बाद भी वाहन नहीं हटाए गए तो संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *