एमपी के सतपुड़ा भवन मे अग्निकांड पर भाजपा कांग्रेस मे तकरार – News Debate

एमपी के सतपुड़ा भवन मे अग्निकांड पर भाजपा कांग्रेस मे तकरार

कांग्रेस का आरोप भ्रष्टाचार छिपाने की साजिश, भाजपा बोली कांग्रेस को दृष्टिदोष

देहरादून। मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित सतपुड़ा भवन में आग की घटना कांग्रेस द्वारा साजिश करार देने के बाद भाजपा और कांग्रेस मे तकरार हो गयी है। कांग्रेस ने इसे भाजपा की राज्य सरकार का हार के बाद भ्रष्टाचार खुलने का डर बताया तो भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को देश के अन्य राज्यों मे भ्रष्टाचार नजर आता है, जबकि कांग्रेस शासित प्रदेशों मे राम राज।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने मध्य प्रदेश सरकार के भोपाल स्थित सतपुड़ा भवन जिसमें राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय हैं, में आग लगने की घटना को असामान्य बताते हुए कहा कि जैसे ही मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं वैसे ही इस महत्वपूर्ण बिल्डिंग में आग लग जाती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 2023 में ठीक चुनावों से पहले आग लगी है उसी प्रकार 2018 में भी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बिल्डिंग में आग लगने से कई विभागों की फाइलें जल कर नष्ट हो चुकी थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई हैं तथा अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए इस प्रकार के षड़यंत्र रचे जाते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जिस प्रकार भाजपा ने कांग्रेस की निर्वाचित सरकार को केन्द्रीय सत्ता एवं धन बल पर गिरा कर भाजपा सरकार स्थापित की उससे स्पष्ट हो गया था कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहेगा तथा कांग्रेस पार्टी लगातार राज्य सरकार के घोटालों को उठाती रही, किंतु राज्य सरकार ने किसी भी मामले की जांच करने की जहमत नहीं उठाई तथा भाजपा पूरे पांच साल भ्रष्टाचार में संलिप्त रही।
माहरा ने कहा कि ट्राइबल वेलफेयर डिपार्टमेंट, स्वास्थ्य विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय हैं तथा कांग्रेस पार्टी लगातार इन विभागों में भारी भ्रष्टाचार का मामला उठाती आई है। अब इन कार्यालयों की महत्वपूर्ण फाइलें अग्निकाण्ड में पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। इससे स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूंबी रही है और अब चुनाव से ऐन पहले अपने भ्रष्टाचार पर आग का लवादा ओड़ने का काम कर रही है।
माहरा ने कहा कि भोपाल के सतपुड़ा भवन अग्निकाण्ड की उच्च स्तरीय जांच किसी स्वतंत्रत जांच ऐजेंसी से कराई जानी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

कांग्रेस को दृष्टिदोष, कांग्रेस शासित प्रदेश मे रामराज्य और अन्य राज्यों मे भ्रष्टाचार:चौहान

भाजपा ने एमपी के सतपुड़ा भवन में लगी आग पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आरोप को हास्यास्पद करार देते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों के अलावा अब उसे देश मे भ्रष्टाचार नजर आ रहा है और कांग्रेस शासित राज्यों मे राम राज्य।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि जिनकी सरकारों से लेकर आलाकमान तक पार्टी फंड से यंग इंडिया घोटाले की आग में घिरे हों उन्हें हर जगह भ्रष्टाचार की बू महसूस होना स्वाभाविक है । चौहान ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उत्तराखंड मे तो कांग्रेस सरकार का
भ्रष्टाचार तो सरकारी फाइलों से बाहर निकलकर देश भर मे टीवी पर दिखा और अब तक भ्रष्टाचार मे बेसुध हुई कांग्रेस को एमपी की जली फाइलों में गड़बडी नजर आ रही है।

पार्टी मुख्यालय में चौहान ने मीडिया के सवालों का जबाब देते हुए कहा कि घटनाएं सामान्य या असामान्य होती है, लेकिन उनके किरदार पर सदैव लोगों की नजर होती है और जब बात कांग्रेस की हो तो अनुमान अधिक आसान हो जाता है। देश भर मे घपले घोटालों की जननी रही कांग्रेस को हर दुर्घटना घटना या साजिश ही नजर आती है। जनता ने बखूबी वो दौर भी देखा है किस तरह प्रदेश में सरकार के नाम पर खनन, शराब व भू माफियाओं का राज चल रहा था । आबकारी की नीतियां इनके खास माफिया बैठकर तैयार करते थे और मां गंगा को नहर दर्शाकर अवैध खनन से उसकी पवित्रता को प्रदूषित करने का काम किया।
कांग्रेस को देश भर मे यह चिंतन मनन की जरूरत है कि आखिर उसकी यह स्थिति क्यों हुई? मध्य प्रदेश हो या उत्तर प्रदेश अथवा दिल्ली जहाँ से वह देश भर मे एक संदेश प्रेषित करती थी वहाँ आज कांग्रेस का कोई नाम लेने वाला नही। यही स्थिति देश के अन्य राज्यों की भी है। लेकिन कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार को भूलकर दूसरों पर दोष मढ़ रही है।
कांग्रेस को घोटाले या विकास को लेकर हुए दृष्टि दोष को लेकर मनन की जरूरत है, क्योकि जनता इस मर्ज का समय समय पर उपचार करती है और कोई भी जनता की अदालत से बड़ा नही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *