मां यमुना की विदाई के साक्षी बने सैकड़ों श्रद्धालु
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को यम द्वितीया (भैया दूज) के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक क्षण के सैकड़ों श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि साक्षी बने।
कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया मंदिर परिसर में सुबह से ही शुरू हो गई थी। तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। निर्धारित मुहूर्त में ठीक 10 बजकर 28 मिनट पर मां यमुना के मंदिर के कपाट आगामी छह माह के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां की विदाई के दर्शन किए।
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, मंदिर समिति के पदाधिकारी, तीर्थ पुरोहित और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
खरसाली में मां यमुना के स्वागत की भव्य तैयारियां
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना होगी। मां यमुना के आगमन को लेकर खरसाली गांव में उत्सव जैसा माहौल है। मां यमुना के शीतकालीन गद्दी स्थल को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। गांव के ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक उल्लास के साथ अपनी आराध्य देवी के स्वागत के लिए आतुर हैं।
मां यमुना की उत्सव डोली के गांव पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाजों, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद आगामी छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना खरसाली स्थित शीतकालीन मंदिर में संपन्न होगी।
छह माह तक खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन
यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन खरसाली स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल पर कर सकेंगे। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते शीतकाल में धाम की यात्रा बंद रहती है। ऐसे में खरसाली गांव मां यमुना की आराधना का प्रमुख केंद्र बन जाता है।
मां यमुना की डोली का शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली पहुंचना यमुनाघाटी की सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कपाट बंद होने के साथ ही एक बार फिर मां यमुना की शीतकालीन पूजा परंपरा शुरू हो रही है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी आराध्य देवी के गांव आगमन का विशेष उत्सव भी है।
इस मौके पर यमुनोत्री विधायक सजंय डोभाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री देवेंद्र फडेन्द्र नाथ शर्मा,प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान,राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल,प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक,परशुराम जगूड़ी,प्रदेश सह संयोजक डॉ विजय बडोनी, जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र गंगाडी, सहित सैकड़ो श्रद्धालु मौजूद थे।