देहरादून। दीपावली की रात राजधानी क्षेत्र मे हुई अलग अलग घटनाओं छात्र सहित 3 लोगों की हत्त्या कर दी गयी। बिचलित करने वाली घटनाओं मे मामा ने भांजे को मौत के घाट उतार दिया तो वहीं पुत्र ने चाकू घोंप कर पिता को मार डाला। एक अन्य घटना मे एक निजी स्कूल का छात्र भी गुटीय संघर्ष की भेंट चढ़ गया।
दीवाली मनाने दोस्त के घर गये अर्श का शव मोर्चरी मे मिला
डालनवाला कोतवाली में नदीम अंसारी निवासी ई-43, केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड ने नौ नवंबर को तहरीर दी कि आठ नवंबर को उनके बेटे अर्श अंसारी को उसका दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी ने दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। रात में फोन करने पर बताया गया कि अर्श सुबह घर लौट आएगा। अगली सुबह सूचना दी कि अर्श का शव मोर्चरी में है। परिजन मोर्चरी पहुंचे तो अर्श के शरीर पर चोट और चाकू के वार के निशान मिले। पिता ने श्रेयस और उसके दोस्तों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया।
अर्श सहस्रधारा रोड (केवल विहार) का रहने वाला था और कक्षा 10 का छात्र था। वह दीपावली की रात नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दोस्तों के साथ गया था। परिजनों का आरोप है कि सूरी चौक के पास कार के दरवाजे से किसी के पैर पर चोट लगने को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। देर रात हुई इस हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
आरोपी अर्श के शव को दून अस्पताल की मोर्चरी में छोड़कर फरार हो गए थे। पिता नदीम अंसारी की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशेड़ी पुत्र ने पिता को ही मार डाला
राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन में सोमवार शाम नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पहले आरोपी ने अपने भांजे से रुपये मांगे। इन्कार करने पर वह दरांती लेकर उसे मारने दौड़ा। भांजे ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। इसके बाद बीच बचाव करने पहुंचे पिता को ही आरोपी ने चाकू मार दिया।
गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे 112 के
माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी मदन राणा (62) को उनके बेटे नितिन राणा (35) ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना पर राजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
नितिन नशे का आदी बताया जाता है। सोमवार शाम वह घर में पड़ोस में रहने वाले अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से इन्कार किया तो नितिन ने दरांती उठाकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से घबराकर ऋषभ वहां से भागने लगा। इसी दौरान मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने के लिए बीच में आ गए। बताया जा रहा है कि पिता ने नितिन को इस हरकत के लिए डांटा तो वह आपा खो बैठा। गुस्से में उसने चाकू से पिता पर वार कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन को मौके से हिरासत में ले लिया।
मामा ने भांजे को उतारा मौत के घाट
रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार नितिन कुमार निवासी तरला अधोईवाला और उसके बेटे रोहित का गौरव, मटरू, भोली और कमला के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान नितिन और रोहित पर गौरव के साथ घातक हथियार से हमला करने का आरोप है।
पुलिस घायल गौरव और अन्य लोगों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले गई। वहां उपचार के दौरान गौरव की मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय गौरव पुत्र स्वर्गीय चमनलाल बागड़ी निवासी मोहनी रोड, डालनवाला के रूप में हुई। जांच में पता चला कि गौरव आरोपी नितिन का भांजा था।
घटना में घायल रोहित उर्फ भोली और कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतक के परिजन करण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित के खिलाफ मुकदमा संख्या 467/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।