देहरादून। उत्तराखंड सरकार मे कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गिरधारी लाल साहू पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के झांसी में छिपा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शनिवार सुबह झांसी से शाहू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद एसआईटी की टीम और पुलिस उसे लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई। अब पुलिस गिरधारी लाल साहू से पूछताछ करेगी। मामले में आगे की जांच और पूछताछ के बाद नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
गिरधारी लाल साहू ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए अग्रिम जमानत मांगी थी। उन्होंने पत्नी के मंत्री पद के प्रभाव से गिरफ्तारी का भय जताया था। वह खुद अदालत में पेश नहीं हुए और पैरोकार के माध्यम से अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था।
मामले की जांच के लिए एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। शुरुआती जानकारी में टीम के 10 सदस्य होने की बात सामने आई, जबकि बाद के इनपुट में नौ सदस्यीय एसआईटी का उल्लेख है। टीम ने जांच शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए बरेली में टीम भेजी। वहां गिरधारी लाल साहू के घर और संबंधित ठिकानों पर जाकर मामले से जुड़े सबूत जुटाने की योजना है। वायरल ऑडियो में हुई कथित बातचीत और उससे जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी शाहू पर गाली गलौच, मारपीट, धोखे से विवाह तथा जाति सूचक शब्दों प्रयोग करने के संबंध मे रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने कई धाराओं मे केश दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद शाहू फरार चल रहे थे। हालांकि शाहू अपनी पत्नी पर भ्रष्टाचार मे लिप्त होने के कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं।