भ्रष्टाचार के खिलाफ 10 नवंबर से प्रदेश भर में कांग्रेस चलाएगी हस्ताक्षर अभियान - News Debate

भ्रष्टाचार के खिलाफ 10 नवंबर से प्रदेश भर में कांग्रेस चलाएगी हस्ताक्षर अभियान

राजभवन तक निकाली जाएगी पदयात्रा

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर 10 नवंबर से 20 नवंबर तक व्यापक हस्ताक्षर अभियान एवं जनजागरण कार्यक्रम चलायेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी जिला, महानगर, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों द्वारा मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत हस्ताक्षरयुक्त पंपलेट के साथ बैनर भी लगाए जाएंगे, ताकि प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों से अवगत कराया जा सके।

23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी जिला, महानगर, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से इस अभियान मे सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार सहित जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों पर जनता के सामने जवाबदेही तय करना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *