पटेलनगर में फायरिंग मामले में चार गिरफ्तार,दोनों पक्षों पर मुकदमा

देहरादून। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट की घटना के मामले में दून पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थान पर लाठी-डंडों से मारपीट और फायरिंग कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने और एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद पाया कि दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग हुई थी। पुलिस के अनुसार एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के युवकों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ की।

जांच में यह भी सामने आया कि दूसरे पक्ष के युवकों ने पहले आईटीएस कॉलेज के पास फायरिंग की। इसके बाद पीछा करने पर शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास कार सवार युवकों ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल को गोली लग गई।

पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थान पर हुई मारपीट और फायरिंग से अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा वहां से गुजर रहे लोगों में भय पैदा हुआ। मामले में दोनों पक्षों के 11 नामजद और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 545/26, धारा 125, 191(2), 3(5), 352 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

पुलिस ने नामजद आरोपितों में सुजल पाल (21), आदित्य मलिक (23), अंशुल (23) और आर्यन (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने युवाओं को कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *