देहरादून। भाजपा ने छात्र हित में पीएम मोदी द्वारा नकल के खिलाफ लिए जा रहे कड़े ऐक्शन और फास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा का पुरजोर स्वागत किया है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि हमारी सरकारों की प्राथमिकता देश का भविष्य है और विपक्ष की मंशा उसका राजनीतिकरण है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अपने संवैधानिक अधिकारों का दुरुपयोग कर पीएम सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने के राजनैतिक प्रपंच की कड़े शब्दों में भर्त्सना की है। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा लिए उस निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है जिसमें पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके तहत नीट पेपर लीक से जुड़े मामलों की रोजाना सुनवाई होगी, ताकि जांच और ट्रायल में देरी न हो और जल्द फैसला आ सके। विशेष अदालतों के गठन से न सिर्फ आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज होगी, बल्कि सार्वजनिक परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर भी मजबूत संदेश जाएगा। साथ ही भविष्य में पेपर लीक और संगठित नकल जैसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने में भी मदद मिलेगी। CBI भी नीट पेपर लीक्स मामले में अपनी जांच लगभग पूरी कर चुकी है और जल्द ही 13 गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जायेगी।
उन्होंने राहुल कांग्रेस और विपक्ष के रवैए पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि वे सदन में चर्चा से क्यों भाग रहे हैं। राहुल गाँधी को समझना होगा कि ये समय राजनीति का नहीं है, छात्रों की समस्याओं के समाधान का है। लेकिन, विपक्ष की मंशा नीट पर चर्चा करने की नहीं, अराजकता फैलाने की है। छात्रों और उनके मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार जब आई थी तब शिक्षा का बजट केवल ₹8,225 करोड़ रखा था जो कि आज ₹1.39 लाख करोड़ है। एम्स हो, आईआईटी हो, कॉलेज सब में काफी वृद्धि हुई है। भाजपा इस चर्चा के बजाय समस्या का स्थायी समाधान चाहती हैं।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने कहा कि नकल और पेपर लीक पर रोकथाम में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में धामी सरकार ने शानदार एवं ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सबसे कठोर नकल कानून के संरक्षण में प्रदेश से नकल माफियाओं का पूरा सफाया किया है। सैकड़ों नकल अपराधी सलाखों के पीछे किए और पारदर्शी एवं ईमानदार परीक्षा प्रक्रिया का मजबूत ढांचा तैयार किया गया। जिसका नतीजा रहा कि 40 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां का सर्वकालिक रिकॉर्ड कायम हुआ हैं।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी एवं प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी उपस्थित रहे।