50 हजार के इनामी को एसओजी ने पश्चिम बंगाल से किया गिरफ्तार - News Debate

50 हजार के इनामी को एसओजी ने पश्चिम बंगाल से किया गिरफ्तार

देहरादून/डोईवाला। डोईवाला पुलिस और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने चोरी के एक मामले में चार साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि ग्वाला (46) निवासी फाटापुकर, थाना रासगंज, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2022 में हुई पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में वांछित था।

सीओ डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि 12 सितंबर 2022 को नव ज्योति विहार निवासी लाखन सिंह ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर लौटते समय वह बाजार में सब्जी खरीदने के लिए एक ठेली पर रुके थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ठेली पर रखा रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी की रकम बरामद होने पर आरोपी मंजीत ग्वाला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसके साथी रवि ग्वाला की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को आरोपी को पश्चिम बंगाल स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे जलपाईगुड़ी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया। पुलिस आरोपी को डोईवाला लेकर आई है और उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *