जंतर-मंतर में हुए लाठीचार्ज के ख़िलाफ़ राजधानी मे प्रदर्शन, मार्च

बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और नागरिक हुए शामिल

देहरादून। परेड ग्राउंड, देहरादून में छात्रों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों द्वारा जोरदार विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के उपरांत परेड ग्राउंड से घंटाघर तक प्रतिरोध मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों एवं नागरिकों ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान उपस्थित छात्रों ने दिल्ली में सरकार के इशारे पर हुए लाठीचार्ज, पुलिसिया दमन और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर सतीश धौलाखंडी एवं उनके साथियों द्वारा जनगीत प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने प्रदर्शन में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया और आंदोलन को सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाया।

कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एस.एफ.आई.) के वे साथी, जो दिल्ली में आयोजित छात्र मार्च में शामिल होकर देहरादून लौटे थे, उनका स्वागत किया गया। इसके बाद सभी साथियों ने परेड ग्राउंड से घंटाघर तक निकाले गए प्रतिरोध मार्च में भाग लिया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पूर्व छात्र नेताओं निर्मला बिष्ट, हिमांशु चौहान, लेखराज, पंकज क्षेत्री, त्रिलोचन भट्ट रहे तथा उन्होंने अपने विचार रखे और छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन पर हुए दमन की कड़ी निंदा की।

सभा को संबोधित करते हुए एस.एफ.आई. उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नितिन मलेठा ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया दमन पूरी तरह पूर्वनियोजित था। उन्होंने कहा कि बिना नेमप्लेट और बिना वर्दी के पुलिसकर्मियों द्वारा छात्रों को पीटना कानून के शासन पर सीधा हमला है तथा यह पूरी तरह मनमानी और साजिश का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष (डी ए वी)लेखराज ने अपने संबोधन में कहा कि “जो सरकार छात्रों और बच्चों पर लाठियां बरसाती है, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।” उन्होंने छात्र आंदोलन के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनएकजुटता का आह्वान किया।

प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों ने भी अपने अनुभव एवं विचार साझा किए और शिक्षा, रोजगार तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के सवालों पर अपनी आवाज बुलंद की।

इस अवसर पर अरमान ने एक प्रेरणादायक रैप गीत प्रस्तुत किया, जिसके माध्यम से उन्होंने जनता से अन्याय और दमन के खिलाफ जागरूक होकर संघर्ष में भागीदारी की अपील की। सभा को एस.एफ.आई. देहरादून जिला सचिव अयाज खान ने भी संबोधित किया।

दिल्ली से लौटे मुकुल, कनिका, अर्सलान, सौरभ, अनामिका, इजराइल तथा समीर ने भी विचार रखे और जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम, पुलिसिया दमन तथा छात्रों के संघर्ष के अनुभवों को विस्तार से साझा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *