पिथौरागढ़। खराब मौसम ने हवाई सेवाओं की उड़ान रोक दी है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि बीते तीन दिन से हेलीकॉप्टर और विमान सेवा बंद है। ऐसे में बुकिंग कैंसिल होने से यात्रियों और पर्यटकों को बदहाल सड़कों के बीच रोडवेज बस और टैक्सी से सफर करना पड़ रहा है।
पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून मार्ग पर सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को 42 सीटर विमान उड़ान भरता है। वहीं, हल्द्वानी, मुनस्यारी और अल्मोड़ा मार्ग पर रोजाना हेलीकॉप्टर सेवा संचालित होती है। मौसम में खराबी के चलते इन हवाई सेवाओं की उड़ान रुक गई है। पिछले तीन दिन से हेलीकॉप्टर हल्द्वानी से नैनीसैनी नहीं पहुंच सका है। यही हेलीकॉप्टर नैनीसैनी से मुनस्यारी और अल्मोड़ा के लिए उड़ान भरता है। ऐसे में सभी मार्गों पर हेलीकॉप्टर सेवा पर ब्रेक लगा है। वहीं दिल्ली-नैनीसैनी मार्ग पर उड़ान भरने वाला विमान ही देहरादून के लिए संचालित होता है। मंगलवार को भी मौसम में खराबी के चलते विमान नैनीसैनी नहीं पहुंचा। दिल्ली और देहरादून मार्ग पर विमान सेवा ठप रहने से यात्रियों को निराश होना पड़ा। ऐसे में टिकट बुक होने के बावजूद यात्री टैक्सी आदि से सफर करने को मजबूर हैं।