विकासनगर। विकास नगर क्षेत्र के एक घर मे हुए गोलीकांड मे युवक की मौत हो गयी, जबकि गोली लगने से घायल महिला मौत से जूझ रही है।
घटना बुधवार सुबह नगर पालिका के वार्ड सात कल्याणपुर के मकान नम्बर 6443 की है। कमरे में युवक का शव मिला है,जबकि महिला के घायल अवस्था में मिली थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले महिला को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस की सभी पहलुओं पर जांच जारी है। मृतक युवक की पहचान कमलेश चौहान उम्र लगभग 42 वर्ष पुत्र दौलत सिह निवासी चकराता ग्राम हयो-टगरी के रूप में हुई। तो वहीं घायल महिला संगीता नेगी पत्नी प्रीतम सिंह नेगी निवासी ग्राम भूटाणू आराकोट हाल निवासी कल्याणपुर- विकासनगर बताई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कमरे से गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तुरन्त पुलिस को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विकासनगर मय फोर्स तुरन्त मौके पर पहुंचे। पुलिस अन्दर से बन्द घर का दरवाजा तोडकर अन्दर गई तो देखा कि युवक कमलेश खून से लथपथ मृत पड़ा मिला। जबकि संगीता गंभीर रूप से घायल थी। घायल महिला को पुलिस द्वारा तुरन्त 108 द्वारा निकट के अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने गम्भीर घायल महिला को हायर सेन्टर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार उक्त मकान रविन्द्र बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह का है और जिसमे संगीता नेगी अपने 2 बच्चो के साथ काफी समय से किराये पर रहती थी। लोगों के अनुसार मृतक युवक का महिला के घर आना जाना था। मौके से पुलिस को 315 बोर का एक तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद हुए है। फारेंसिक टीम टीम मौके पर पहुंच आवश्यक जांच कर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।