अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के रानीखेत के निकट ऐना गाँव मे एक नकाबपोश ने घर मे घुसकर युवक पर धारदार हथियार से ताबड़ तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। जबकि बीच बचाव को आयी दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे की है। रानीखेत नगर क्षेत्र से 25 किमी दूर ऐना गांव निवासी जानकी देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह व उसकी चचिया सास सावित्री देवी (सबुली देवी) पत्नी बिशन सिंह भोजन की तैयारी में लगी थीं। बताया जाता है कि जानकी देवी के सिमोली गांव (द्वाराहाट ब्लाक) निवासी भाई चंदन सिंह का 19 वर्षीय पुत्र सागर सिंह भी लगभग 10 दिनों से यहीं रह रहा था।
इसी दौरान काले कपड़े पहना एक युवक कमरे में घुसा और धारदार हथियार से सागर सिंह पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।अचानक हुए हमले में सागर बचाव नहीं कर सका। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर जानकी देवी व उसकी चचिया सास सबुली देवी बचाने दौड़ीं। हत्यारे ने जानकी देवी के सिर पर धारदार हथियार मारा। वहीं सबुली देवी का गला गहरा कट गया। इस दौरान खून से लथपथ सागर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि मृतक सागर मेरठ में पढ़ाई करता था। सेना में भर्ती की तैयारी के सिलसिले में वह यहां अपनी बुआ के घर आया था। बुआ तथा चचिया सास पर भी प्राणघातक हमला किया गया। एक महिला का गला रेत दिया गया, जबकि दूसरी के सिर पर गंभीर चोट है।
वारदात के बाद हत्यारोपित अंधेरे में भाग निकला। हत्यारोपित का पीछा करने के बजाय ग्रामीण घायल महिलाओं की जान बचाने के लिए उन्हें वाहन से लेकर नागरिक चिकित्सालय पहुंचे। जानकी देवी के सिर पर छह टांके लगे हैं। वहीं सबुली देवी को गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार दिया जा रहा है।
सूचना के बाद एएसपी हरबंश सिंह व सीओ भावना कैंथोला ने गांव पहुंच वारदात की जानकारी जुटाई। हत्याकांड की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसका खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपित काले कपड़े पहने था। हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है।