23 वन अपराधों में वांछित शातिर वन अपराधी गिरफ्तार

देहरादून। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की रामनगर रेंज टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे शातिर वन अपराधी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई डीएफओ प्रकाश चन्द्र आर्य और एसडीओ किरण साह के निर्देशन में की गई। वन क्षेत्राधिकारी शेखर चन्द्र तिवाड़ी ने इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखविन्दर पुत्र खेम सिंह के रूप में हुई। वह ग्राम गोबरा, तहसील एवं थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर का निवासी है। वन विभाग की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आरोपी गुलजारपुर बीट के प्लाट एन-2 आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पातन कर रहा था। मौके से दो आरे भी बरामद किए गए। आरोपी लंबे समय से वन विभाग की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। वर्ष 2020-22 से 2026 तक उसके खिलाफ कुल 23 वन अपराध दर्ज हैं। इनमें सागौन, शीशम और खैर के अवैध पातन के मामले शामिल हैं। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी उप कारागार भेज दिया गया। वन विभाग ने इसे वन अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता बताया। अधिकारियों ने कहा कि वन अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *