देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) सांसद केसी वेणुगोपाल 9 जुलाई को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे।
जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल अपने दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। वेणुगोपाल 9 जुलाई को अपराह्न 12 बजे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केन्द्रीय इलेक्शन कमेटी (सीईसी) सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्लूसी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरान्त अपराह्न 2 बजे प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामले समिति के सदस्यों की बैठक लेंगे। सायं 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षगणों एवं 6 बजे पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षगणों के साथ बैठक करेंगे।
वेणुगोपाल 10 जुलाई को प्रातः 10ः00 बजे से पार्टी के वरिष्ठ नेतागणों से मुलाकात करेंगे तथा अपराह्न 3 बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करने के उपरान्त नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।