नीति घाटी में कड़ाके की ठंड का कहर: झरने और टिम्मरसैंण महादेव बर्फ मे बदले - News Debate

नीति घाटी में कड़ाके की ठंड का कहर: झरने और टिम्मरसैंण महादेव बर्फ मे बदले

जोशीमठ। पर्वतीय क्षेत्रों मे लगातार घट रहे तापमान से उच्च हिमालयी क्षेत्र नीति घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालात यह हैं कि घाटी का तापमान शून्य (माइनस) से नीचे पहुंच गया है, जिससे प्राकृतिक झरनों और बहते जलस्रोतों का पानी जमने लगा है। क्षेत्र में बढ़ती ठंड के चलते नीति घाटी स्थित प्रसिद्ध टिम्मरसैंण महादेव भी बर्फ की आकृति में ढल चुके हैं।

​कुछ दिन पहले नीति घाटी घूमने पहुंचे एक पर्यटक ने इस अद्भुत और ठिठुरा देने वाले दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया। सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बहते झरने और चट्टानों से टपकता पानी ठंड के कारण बर्फ का आकार ले चुका है। सर्दियों के शुरुआती दौर में ही जिस तरह से जलधाराएं बर्फ में तब्दील हो रही हैं, उससे क्षेत्र में पड़ रही भीषण ठंड का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

​घाटी की स्थानीय निवासी संगीता ने बताया कि इलाके में चारों तरफ घना पाला जम चुका है। उनके मुताबिक, कड़ाके की ठंड के बीच पानी जमने की स्थिति बन गई है और टिम्मरसैंण महादेव पूरी तरह बर्फ के रूप में नजर आ रहे हैं। सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं और गिरते पारे ने स्थानीय लोगों की दिनचर्या पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।

​स्थानीय लोगों का मानना है कि जैसे-जैसे सर्दियां आगे बढ़ेंगी, घाटी में ठंड का प्रकोप और तेज हो सकता है। फिलहाल, जमे हुए झरनों और बर्फ में बदले टिम्मरसैंण महादेव की तस्वीरें क्षेत्र में बदलते मौसम और बढ़ती ठंड की गवाही दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *