रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग शहर में 7 मार्च को होटल मे युवती की लाश मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले मे मृतक युवती के लिव-इन पार्टनर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि कोतवाली रुद्रप्रयाग में सात मार्च की रात को करीब आठ बजे गैलेक्सी होटल से कॉल आया था कि होटल के एक कमरे में ठहरी युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल होटल के कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती अपने लिव-इन पार्टनर और उसके एक दोस्त के साथ 6 मार्च 2026 की रात को होटल में ठहरी थी। 7 मार्च को युवती का लिव-इन पार्टनर और उसका दोस्त यह कहकर होटल से निकले थे कि वे थोड़ी देर में वापस लौटेंगे, लेकिन देर शाम तक उनके वापस न आने पर होटल संचालक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
जांच में पता चला कि युवती और उसके साथ आए दोनों युवक हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। मृतका के परिजन रुद्रप्रयाग पहुंचे, जहां जिला चिकित्सालय में मृतका की पहचान काजल (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्री पप्पू निवासी नवासी पीपली जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई।
परिजनों की उपस्थिति में पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मृतका के भाई अकबर पुत्र पप्पू निवासी पीपली जिला कुरुक्षेत्र की तहरीर पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 10 मार्च 2026 की शाम दोनों आरोपियों को हरियाणा के पटियाला रोड थाना चीका क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें रुद्रप्रयाग लाया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और इसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। चार मार्च 2026 को वह काजल और अपने दोस्त अक्षय के साथ घूमने के लिए निकला। अम्बाला और हरिद्वार होते हुए वे छह मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे और गैलेक्सी होटल में कमरा लेकर ठहर गए।
7 मार्च की सुबह काजल और अरुण के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा और गाली-गलौज हो गई और हाथापाई हो गई। इसी दौरान अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि अक्षय ने पहले उसका गला दबाया और बाद में काजल की ही चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या करने के बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ उनके स्थानीय थाना चीका जिला कैथल (हरियाणा) में धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत स्नैचिंग का मुकदमा भी दर्ज है, जिसमें उन्हें 24 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार पुत्र राजेश निवासी वार्ड संख्या 17, थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा) उम्र 21 वर्ष और अक्षय पुत्र पृथी निवासी वार्ड संख्या 3 जाटों का मोहल्ला, थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा) उम्र 23 वर्ष शामिल हैं।