प्रीतम ने सदन मे उठाया मुद्दा, सरकार की मंशा पर उठाये सवाल
शादी बारात के उपयोग राज्य की अस्मिता का अपमान: आर्य
गैरसैंण। गैरसैंण विस भवन पर दिये बयान के बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज घिर गए। कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाये है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह ने सरकार से जवाब मांगा। हालांकि कैबिनेट मंत्री महाराज ने कहा कि उनका मंतव्य ऐसा नही था।
सत्र मे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने सदन मे कैबिनेट मंत्री महाराज और सरकार पर निशाना साधा। प्रीतम ने कहा कि सरकार मे विरोधाभाष दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री के बयान से स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है कि सरकार विस भवन को वेडिंग डेस्टिनेशन, कार्पोरेट अथवा टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप मे क्या करना चाहती है। यह ग्रीष्मकालीन राजधानी है और सदन के बाहर ऐसी घोषणा होने पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उक्रांद ने भी वैडिंग डेस्टिनेशन के मुद्दे पर सरकार को घेरा है। दल की केंद्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी घिल्डियाल ने कहा कि यह न केवल मंत्री बल्कि सरकार की सोच का प्रतीक है।
गौरतलब है कि मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे उन्होंने पर्यटन विकास के लिए गैरसैंण विधान सभा को वेडिंग डेस्टिनेशन सहित अन्य उपयोग की बात कही थी। इसे लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया और कहा कि गैरसैंण जन भावनाओं का प्रतीक है। कांग्रेस अध्यक्ष ने भी इसे भाजपा की सोच बताया।
