देहरादून। गैरसैंण को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाए जाने संबंधी कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के वायरल बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा की घेरेबंदी की है।
प्रदेश कांग्रेस के कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि गैरसैंण के बारे में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का बयान समूची भाजपा की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाए जाने संबंधी महाराज के बयान से राज्य आंदोलनकारियों का अपमान हुआ है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने में अपने जीवन का समर्पण भी कर देंगे। विधानसभा सत्र के दौरान एक यू ट्यूब चैनल में लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। अस्थायी राजधानी से संबंधित बयान में पूछे जाने पर महाराज ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन का व्यवसायिक उपयोग होना चाहिए। वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में इसका उपयोग किया जाना चाहिए। वे आगे कहते सुनाई दे रहे हैं कि इस संबंध में उनकी विधानसभा अध्यक्ष से भी बात हो चुकी है।
गोदियाल ने कहा कि महाराज के बयान पर मुख्यमत्री को अपना नजरिया साफ करना चाहिए। सीएम को बताना होगा कि वे महाराज के बयान से सहमत हैं अथवा नहीं। यदि उनकी तरफ से इस संबंध में कोई बयान नहीं आता है तो ये मान लिया जाएगा कि जो बयान महाराज ने दिया वो धामी सरकार का साझा बयान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में गैरसैंण में अवस्थापना सुविधाएं तैयार की थी उसी आधार पर भाजपा ग्रीष्मकालीन राजधानी की घोषणा कर पाई।
भाजपा सरकार से अपने लगभग साढ़े नौ साल के शासनकाल में गैरसैंण के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। सड़क, स्वास्थ्य,रोजगार व अन्य सुविधाओं की तरफ सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई विधायकों के गैरसैंण के विरोध में बयान भी आए हैं। इससे भाजपा की मानसिकता का पता चलता है। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि साल 2027 में कांग्रेस सरकार बनने के तुरंत बाद गैरसैंण को स्थाई राजधानी की घोषणा कर दी जाएगी।