एक किलो चार सौ ग्राम अवैध चरस के साथ दो गिरफ्तार
एसपी बोले-अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ होगी सख्ती
बागेश्वर (गोविन्द मेहता), नये पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के नेतृत्व में पुलिस को अवैध नशे के खिलाफ सख्ती के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पकड़ धकड़ अभियान तेज कर दिया है। कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त पहल से बागेश्वर पुलिस को दो अवैध नशा तश्करी करने वाले आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशानुसार तथा क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय साह के पर्यवेक्षण में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री की रोकथाम हेतु बागेश्वर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चैकिंग अभियान के तहत पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नीलकंठ रेस्टोरेन्ट छाती काण्डा रोड के पास चैकिंग के दौरान मोटर साइकिल सवार अभियुक्त नरेन्द्र सिंह कोरंगा पुत्र नन्दन सिंह के कब्जे से 774 ग्राम अवैध चरस और ऑल्टो कार से महेश सिंह मेहता पुत्र प्रेम सिंह के कब्जे से 626 ग्राम अवैध चरस बरामद कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयोग वाहनों को भी सीज कर दिया
है। इस दौरान बरामद अवैध चरस की अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी जितेंद्र मेहरा ने बताया कि होली के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की अवैध तश्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस का चेकिंग अभियान जारी रहेगा। उन्होंने खासकर छात्र और युवा वर्ग को नशे के दलदल में धकेलने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को अपनी प्राथमिकता बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 08/20/60एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में भेज दिया है।
आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोहर चंद कोतवाली कांस्टेबल प्रेम राम, एसओजी में तैनात भुवन बोरा, संतोष सिंह,रमेश सिंह.राजेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।