देहरादून। अतिक्रमण के खिलाफ सरकार का बुलडोजर एक्शन जारी है। उधम सिंह नगर जिले में वन विभाग ने सरकारी भूमि पर बनाई गई दो अवैध मजारों को आज तड़के ध्वस्त कर दिया। वन विभाग ने ध्वस्तीकरण की कारवाई करने से दो माह पहले यहां नोटिस चस्पा किया था और भूमि संबंधी दस्तावेज भी दिखाने को कहा था।
डीएफओ हिमांशु बागड़ी ने जिला प्रशासन को अवगत कराया है कि किच्छा,सितारगंज वन क्षेत्र डोला और पुलभट्टा फॉरेस्ट रेंज में अवैध रूप से बनाई गई दो अवैध मजारों को हटा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इन दोनों अवैध रचनाओं के विषय में नोटिस जारी किए गए थे जिसका जवाब इनके खादिमों द्वारा दो माह तक नहीं दिए जाने के बाद इन्हें ध्वस्त करते हुए मलबा जंगल से हटा दिया गया है।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि उक्त अवैध संरचनाओं के विषय में वन विभाग और जिला प्रशासन ने विचार विमर्श किया था जिसके बाद ये कानूनी प्रकिया अपनाई गई।
गौरतलब हैं कि धामी सरकार अभी तक ऐसी 577 अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कर चुकी है।
