देहरादून। राज्य सरकार ने दो और चिकित्सा इकाईयों के उच्चीकरण को मंजूरी दे दी है। जिसके तहत बागेश्वर जनपद में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कपकोट तथा चमोली जनपद में सीएचसी थराली को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाया जायेगा। इन दोनों चिकित्सा इकाईयों के उच्चीकरण से स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं चार धाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कपकोट का उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकरण होने से स्थानीय लोगों के अलावा पिथौरागढ़ जनपद के सीमावर्ती गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा सीएचसी थराली को उप जिला अस्पताल में उच्चीकृत कर इसे नवीन स्थान कुलसारी में स्थापित किया जायेगा। जिससे चमोली जनपद के तीन विकासखण्डों थराली, देवाल एवं नारायणबगड़ को सीधा लाभ पहुंचेगा। साथ ही चार धाम यात्रा के लगभग दो लाख तीर्थ यात्री व पर्यटकों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया हो सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि दोनों चिकित्सा इकाईयों के उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत होने से स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। लम्बे समय से स्थानीय लोगों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सीएचसी के उच्चीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे राज्य सरकार ने पूरा कर दिया है।