रामनगर के बासीटीला गांव मे खेत की रखवाली कर रहे युवक को बाघ ने मारा

आक्रोशित ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, घंटो तक पार्क टीम को नही उठाने दिया शव

रामनगर/देहरादून। कार्बेट से सटे क्षेत्रों मे बाघ के हमले रुकने का नाम नही ले रहे हैं। रामनगर के कार्बेट क्षेत्र से लगे बासीटीला गांव में खेत की रखवाली कर रहे युवक को बाघ ने हमला कर मार डाला।

घटना बुधवार देर शाम की है। मनोरथपुर बासीटीला में शाम 35 वर्षीय प्रमोद तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी पुत्र हरीश चंद्र तिवारी घर के पास खेतों की देखभाल के लिए निकले थे। देर शाम प्रमोद के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान लोगों को खेतों के पास बाघ के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो मौके से बाघ भाग गया। पप्पू को ढूँढ रहे ग्रामीणों को 50 मीटर दूर पप्पू का चश्मा और चप्पल मिले तथा घर से करीब 150 मीटर दूर शव मिला। युवक के कान से लेकर गर्दन तक गहरे घाव थे।

सूचना मिलते ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची, लेेकेन ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीण मौके पर कार्बेट डायरेक्टर को बुलाने और बाघ को मारने की मांग पर अड़े थे। कॉर्बेट के डिप्टी डायरेक्टर और पार्क वार्डन के समझाने पर रात करीब सवा 11 बजे ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाघ को पकड़ने के लिए घटनास्थल पर पिंजरा लगा दिया गया है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *