देहरादून/रुद्रपर। पहाड़ हो या मैदान गुलदार और बाघ जान के लिए आफत बने हुए है। अब पास ही घास काट रही मां के सामने मासूम को गुलदार ने मार डाला।
मामला जिला ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता का है। टुकड़ी गाँव मे रविवार शाम करीब पांच बजे ग्राम टुकड़ी निवासी सुखविंदर कौर पत्नी मंगल सिंह अपने चार वर्षीय बेटे जसवंत सिंह को लेकर गांव की अन्य महिलाओं के साथ पशुओं के लिए खेत से चारा लेने गई थी। सुखविंदर ने बेटे को खेत की मेड़ के पास खेलने के लिए छोड़ दिया और चारा काटने लगी, इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने मासूम पर हमला कर दिया। तेंदुए को देखते ही मां और अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे घबराकर तेंदुआ मासूम को छोड़ गन्ने के खेत में चला गया। गर्दन पर तेंदुए के दांत लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र मे दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी खुशाल राम टम्टा अपने वन कर्मियों की टीम के साथ पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।