देहरादून। विकासनगर क्षेत्र मे 19 अक्टूबर को मिली लाश का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतक अरुण को उसकी पत्नी रमिता के इशारे पर प्रेमी परम ने मौत के घाट उतार दिया था।
गौरतलब है कि डाकपत्थर चौकी के अंतर्गत जलालिया पीर के पास 19 अक्टूबर को यमुना नदी में एक व्यक्ति का शव मिला था। जिसकी शरीर पर चोट व खरोंच के निशान थे। पुलिस ने मृतक के शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया था। जिसकी शिनाख्त उसके भाई नितिन कुमार द्वारा अरूण कुमार उर्फ जुगनू निवासी ग्राम बुलाकीवाला विकासनगर के रूप में की गई। भाई के शरीर पर चोट के निशान होने के कारण उसने भाई की हत्या की आशंका जताते रिपोर्ट दर्ज करायी थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी खंगालने पर फुटेज में अरुण किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ जाता हुआ नजर आया। पुलिस ने अज्ञात जिसकी पहचान परम सिंह पुत्र हरज्ञान सिंह के रूप में की और उसे हिरासत मे ले लिया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने मृतक की पत्नि रमिता के कहने पर ही हत्या की। जिसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी परम अमरोहा का रहने वाला है और शादी में काम के सिलसिले में विकास नगर आता रहता है। एक शादी के दौरान ही उसकी रमिता से मुलाकात हुई थी। दोनों में बातचीत होने लगी और मिलना जुलाना शुरू हो गया। जिसके बाद रमिता ने बताया कि उसका पति उसे मारता है। अगर उसे रास्ते से हटा दें तो वो दोनों साथ रह सकते हैं।
परम सिंह ने बताया कि उसने देहरादून आकर मृतक अरूण को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। जिसके बाद उसने शराब के ठेके से शराब खरीदी और फिर वो यमुना नदी के किनारे गया। जहां पर उसने अरूण को शराब पिलाई जैसे ही अरूण बाथरूम करने के लिये नदी के किनारे गया तो आरोपी ने पीछे से जाकर गमछे से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को यमुना नदी में फेंक दिया। बाद मे परम ने रमिता को फोन पर अरुण की हत्या हिमाचल जाने की बात बताई। हिमाचल जाने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।