
देहरादून। उड़ीसा में हुई रेल दुर्घटना के बाद भाजपा ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिये। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिये तो संगठन ने भी महा जनसंपर्क अभियान के कार्यक्रम रोक दिये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा सभी के लिए बेहद कष्टकारी है। धामी ने चंपावत में अपने विधानसभा चुनाव की जीत के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम और रोड शो निरस्त कर दिए हैं। उन्होंने हादसे में हताहत यात्रियों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने दुख व्यक्त करते हुए महा जनसंपर्क अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों को स्थगित करते हुए हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम रखे हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि सभी जिला मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा और आज होने वाले महा जनसंपर्क अभियान के तहत सभी कार्यक्रमों को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशानुसार स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।