रीवा के ‘मोहन’ से जुड़ी सफेद बाघों की विरासत का नया चेहरा बना ‘तेजस - News Debate

रीवा के ‘मोहन’ से जुड़ी सफेद बाघों की विरासत का नया चेहरा बना ‘तेजस

वर्ष 1951 में रीवा के जंगलों से पकड़े गए सफेद बाघ ‘मोहन’ की वंशावली से दुनिया के कई चिड़ियाघरों में पहुंची सफेद बाघों की संतति-

वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत ग्वालियर से देहरादून लाया गया ‘तेजस’, चिड़ियाघर का पहला सफेद बाघ

देहरादून। मध्य प्रदेश की तत्कालीन रीवा रियासत के जंगलों में करीब 75 वर्ष पहले पकड़े गए दुर्लभ सफेद बाघ ‘मोहन’ की ऐतिहासिक कहानी आज भी दुनिया के चिड़ियाघरों में मौजूद सफेद बाघों की वंशावली से जुड़ी है। इसी विरासत से जुड़े सफेद नर बाघ ‘तेजस’ को अब देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों के दीदार के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उसके बाड़े का लोकार्पण किया।
सफेद बाघों की चर्चित वंशावली का इतिहास वर्ष 1951 में मध्य प्रदेश की तत्कालीन रीवा रियासत से जुड़ता है। 27 मई 1951 को महाराजा मार्तंड सिंह ने वर्तमान सीधी जिले के बरगड़ी वन क्षेत्र से एक दुर्लभ सफेद बाघ के शावक को पकड़ा था। उसे गोविंदगढ़ किले में रखा गया और ‘मोहन’ नाम दिया गया। आगे चलकर मोहन सफेद बाघों की एक महत्वपूर्ण वंशावली का जनक बना।

मोहन का पहले सामान्य रंग की बाघिन बेगम के साथ प्रजनन कराया गया। उनसे जन्मी संतानों में राधा भी शामिल थी। बाद में मोहन और राधा के संयोग से वर्ष 1958 में राजा, रानी, मोहिनी और सुकेशी नाम के चार सफेद शावकों का जन्म हुआ। इनकी संतानों के माध्यम से सफेद बाघों की वंशावली भारत सहित दुनिया के कई देशों के चिड़ियाघरों तक पहुंची। मोहन की मृत्यु दिसंबर 1969 में हुई, लेकिन उसकी आनुवंशिक विरासत आगे बढ़ती रही।

इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है।

उन्होंने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में राज्य एवं देश के विकास के साथ ही प्रकृति संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकेंगे।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का पर्यटन आकर्षण बढ़ेगा। साथ ही वन्यजीवों के प्रति आम लोगों की रुचि और जागरूकता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

देहरादून के प्रभागीय वनाधिकारी वैभव सिंह के अनुसार, सफेद बाघ तेजस को वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान से लाया गया है। इसके बदले देहरादून चिड़ियाघर से नर बाघ ‘नील’ को दूसरे चिड़ियाघर भेजा गया है। करीब दो वर्ष चार महीने की उम्र में देहरादून पहुंचने के समय तेजस का वजन लगभग 150 किलोग्राम था।

वन विभाग के अनुसार, ढाई वर्षीय सफेद नर बाघ तेजस को मध्य प्रदेश के गांधी प्राणी उद्यान, ग्वालियर से वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत लाया गया है। उसे 28 सितंबर 2026 को विशेष रेस्क्यू ट्रक से सुरक्षित देहरादून चिड़ियाघर पहुंचाया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में भी वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के वन्यजीव लाने की योजना है। इससे यहां वन्यजीवों का कुनबा बढ़ने के साथ पर्यटकों के लिए आकर्षण के नए केंद्र विकसित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *