![](https://newsdebate.in/wp-content/uploads/2024/07/bktc-ad.jpg)
देहरादून। प्रदेश मे आज अलग अलग हुई दो दुखद हादसों मे 7 लोगों की मौत हो गयी।
आज सुबह पहला हादसा उस समय हुआ जब विकासनगर से मीनस की ओर जा रही एक कार क्वानू-मीनस मार्ग पर हिमाचल व उत्तराखंड बॉर्डर के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर कर सीधे टोंस नदी में समा गई। कार सवार चार लोग विकासनगर से हिमाचल के चौपाल जा रहे थे। हादसे की सूचना राजस्व पुलिस और एसटीएफ सहित आसपास के ग्रामीणों ने कार सवार 4 लोगों को बाहर निकाला। सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान संदीप (34) पुत्र आत्माराम निवासी ग्राम धरण, तहसील चौपाल, अमरजीत (36) पुत्र मस्तराम गांव बगाहर तहसील चौपाल, प्रवीण जिंटा (28) पुत्र केवल राम जिंटा निवासी ढाढू, तहसील नेरवा, मोहित (28) पुत्र भान सिंह निवासी कलारा, तहसील नेरवा के रूप में हुई है।
दूसरी घटना दोपहर मे लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर पीपलकोटी से करीब दो किमी पहले एक बैंड पर हुई। रुद्रपुर ऊधम सिंह नगर का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में 13 लोग सवार थे। घटना में दो मासूम और एक युवती की मौत हो गई। अन्य घायलों का एम्स में उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि रुद्रपुर ऊधम सिंह नगर के एक ही परिवार के 13 लोग वाहन में सवार होकर नीलकंठ दर्शन के लिए जा रहे थे। पीपलकोटी से करीब दो किमी पहले वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 150 मीटर नीचे खाई में गिर गई। राजाजी टाइगर रिजर्व गौहरी रेंज की वन टीम ने आसपास लोगों और थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचे लोग और वन कर्मचारियों की मदद से घायलों को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने अस्पताल में दो मासूम और एक युवती को मृत घोषित कर दिया।