हत्या के बाद से लगातार घने जंगल में ठिकाने बदलकर छिप रहा था आरोपी
नई टिहरी। कोतवाली नई टिहरी क्षेत्र में अपनी मां की निर्मम हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम कोटी खास निवासी बुग्गा देवी पत्नी स्व. गुलाब सिंह की उनके पुत्र अजय सजवाण ने घर पर ही मार दिया था। मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर के आधार पर थाना नई टिहरी में केस दर्ज किया गया था। एसएसपी चौबे के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई। पुलिस टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।पुलिस टीमों ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संभावित स्थानों पर सघन तलाशी एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। विवेचना एवं लगातार कार्रवाई के दौरान प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी अजय गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा हुआ था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीमों की लगातार कॉम्बिंग, सघन खोजबीन एवं निगरानी के चलते बुधवार देर शाम को आरोपी अजय सजवाण को जाखणीधार के निकट जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद से ही नई टिहरी पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। घने जंगल एवं कठिन पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीमों ने लगातार कॉम्बिंग एवं सघन तलाशी अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्या पाल, एसएसआई पवन डिमरी, एसआई शांति प्रसाद चमोली, हेड कांस्टेबल सुनील, मुकेश, अरविन्द सेमवाल, अभिनव गुसाईं, कुलदीप, शेर सिंह शामिल थे