रुड़की, (अनिल):साइबर ठगों ने मुख्त्यार अली को फोन करके खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए ठगी की। उन्हें फर्जी लेनदेन के आरोप में गिरफ्तारी की धमकी दी गई और रकम जमा करने को कहा गया। 1.03 लाख रुपये ठगने के बाद, मुख्त्यार ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगों ने पुलिस अधिकारी बनकर फर्जी लेनदेन के मामले में नाम आने और गिरफ्तारी की धमकी देकर सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र निवासी मुख्त्यार अली से 1.03 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्त्यार अली ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम से फर्जी लेनदेन हुआ है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों ने गिरफ्तारी कर जेल भेजने की धमकी देकर उन्हें भयभीत कर दिया।
इसके बाद कानूनी कार्रवाई से बचाने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करने को कहा। घबराए मुख्त्यार अली ने थोड़ा-थोड़ा करके कुल 1.03 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से रकम जिन खातों में गई, उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अंनजान कॉल पर विश्वास न करने की अपील की।