देहरादून: साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने एक बड़े साइबर ठगी के आरोपी को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। 55 लाख की साइबर ठगी में उक्त आरोपी अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का सदस्य है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून की ओर से दर्ज मुकदमे मे हुई जांच मे आरोपियों द्वारा स्वयं को एक आईआई एफएल वेल्थ मैनेजमेंट से जुड़ा बताकर शेयर में निवेश के नाम पर लोगों लाभ का झांसा दिया। एक शिकायतकर्ता से बीते दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में कुल 55,48,412 रुपए आरटीजीएस के माध्यम से जमा कराए गए। जांच में आरोपी प्रभजीत सिंह के नाम पर होना प्रकाश में आया। जांच में पाया गया कि अभियुक्त द्वारा उक्त धनराशि को चैक और एटीएम के माध्यम से आहरित किया गया। बैंकिंग एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त की साइबर ठगी में सक्रिय भूमिका पाए जाने पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी को बीते 11 अगस्त को अमृतसर, पंजाब में दबिश देकर उसे तारावाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रभजीत सिंह पुत्र स्व जोगेन्द्र सिंह, निवासी गली नंबर 07 भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर, पंजाब उम्र 20 वर्ष है।
पूछताछ में आरोपी ने अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की धनराशि आहरित करने की जानकारी दी। आरोपी द्वारा गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। प्रकरण में अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं धनराशि की बरामदगी के लिए जांच जारी है