नीति घाटी के तमक में बादल फटा, 40 मीटर का पुल बहा, 13 गांवों का तहसील से संपर्क टूटा

चमोली।लगातार बारिश के बीच रविवार को नीति घाटी के तमक क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। बादल फटने के बाद आए मलबे और उफान पर आए नाले ने क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया। इस घटना में सीमा सड़क संगठन द्वारा निर्मित 40 मीटर लंबा लोहे का पुल पूरी तरह बह गया।

जोशीमठ के उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पुल के साथ ही बीआरओ के कर्मचारियों के लापता होने की सूचना भी मिली है। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और तहसील प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। प्रशासन की टीम भी स्थिति का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंच रही है।

पुल के बहने से नीति घाटी के जुम्मा, झेलम, कोशा, मलारी, कैलाशपुर, मेहरागांव, फरकिया, बमपा, गमशाली, यानीति, द्रोणागिरी, कागा और गरपक्क सहित 13 गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय जोशीमठ से पूरी तरह कट गया है। इन गांवों में आने-जाने का एकमात्र मार्ग यही पुल था।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बादल फटने के बाद भारी मात्रा में मलबा, पत्थर और बोल्डर नाले के साथ नीचे आए। इससे नदी किनारे स्थित कई सेब के बगीचे और खेत भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर लापता लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही वैकल्पिक मार्ग खोलने और प्रभावित गांवों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से नदी-नालों से दूर रहने और ऊंचे स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक जनपद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *