नई टिहरी। प्रतापनगर के चर्चित केतन लाल प्रकरण से जुड़ी नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्रीय लोगों ने डीएम कार्यालय घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
गौरतलब है कि नाबालिग की मां की तहरीर के आधार पर थाना लंबगांव में पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं के तहत 11 जुलाई को अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के कथनों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी दिवाकर डिमरी पुत्र दिनेश डिमरी निवासी ग्राम देवल थाना लंबगांव को पुलिस ने मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पक्ष के लोग लगातार दुष्कर्म के इस आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते आ रहे थे। गिरफ्तारी न होने पर बुधवार को प्रतापनगर के लोगों ने डीएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी की थी। लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन को टाल दिया है।