महिला की जान लेने वाले गुलदार को मारने के आदेश जारी - News Debate

महिला की जान लेने वाले गुलदार को मारने के आदेश जारी

क्षेत्रवासियों ने शव नही उठाने दिया, आदेश जारी होने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र के सनेह में सोमवार को दिनदहाड़े गुलदार ने स्थानीय महिला को मार डाला। घटना से आक्रोशित लोगों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला की पहचान कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल (42) पत्नी कमल किशोर के रूप मे हुई।

घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया और गुलदार को मारने के आदेश जारी होने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं लेकिन विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों के आक्रोश और घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने हमलावर गुलदार को मारने की अनुमति जारी कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला का शव उठने दिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना की सूचना मिलते ही मेयर शैलेन्द्र रावत,  विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वन मंत्री और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने गुलदार को मारने के आदेश जारी कराने की मांग की।

गौरतलब है कि क्षेत्र मे गुलदार की सक्रियता कुछ समय से लगातार बनी हुई है। तीन नवंबर की शाम सनेह मल्ली गांव में संतोष रावत की आठ वर्षीय बेटी सान्वी पर गुलदार ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उस दौरान बच्ची की मां नीलम देवी ने गुलदार के मुंह से बेटी को छुड़ाया था। इसके बाद भी क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बनी रही। इसके बाद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में नियमित गश्त शुरू करने के साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया था। इसके बावजूद गुलदार के हमले में महिला की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *