टप्पेबाजों ने शीशा तोड़कर कार से पांच लाख की नकदी उड़ाई, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

रुड़की। शहर में टप्पेबाजों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीटी गंज क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक ठेकेदार की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा करीब पांच लाख रुपये की नकदी से भरा बैग और अन्य जरूरी कागजात चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही गंगनहर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती निवासी जुबैर अली पेशे से ठेकेदार हैं। बीती रात करीब आठ बजे वह किसी कार्य से बीटी गंज पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार नहर के दाएं किनारे स्थित नलकूप खंड कार्यालय के समीप खड़ी कर बाजार चले गए। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला। कार की जांच करने पर अंदर रखा बैग गायब था। जुबैर अली ने बताया कि बैग में करीब पांच लाख रुपये की नकदी के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान रखा हुआ था।

घटना की सूचना तुरंत गंगनहर पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर टप्पेबाजों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *