उफनती नदी के बीच टापू पर फंसी तीन महिलायें, एसडीआरएफ ने बचायी जान

रुद्रप्रयाग। भारी बारिश के बीच पहाड़ो मे जोखिम बढ़ता जा रहा है। तिलवाड़ा के उफनती नदी के बीच टापू पर फंसी तीन महिलाओं को एसडीआरएफ कड़ी मसक्कत से रेस्क्यू कर लिया।

आज सुबह रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में तीन महिलाओं के नदी के बीच बने टापू पर फंस जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट अगस्तमुनि से अपर उप निरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।


घटनास्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि तीनों महिलाएं लकड़ी एकत्रित करने के लिए नदी पार गई थीं। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वे बीच धारा में बने टापू पर फंस गईं। नदी का बहाव अत्यंत तेज होने के कारण महिलाओं का स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था तथा स्थिति लगातार जोखिमपूर्ण होती जा रही थी।
परिस्थितियों का त्वरित आकलन करते हुए SDRF टीम ने रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। अभियान के दौरान नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के बावजूद SDRF के एक जवान ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना सुरक्षा उपकरणों की सहायता से उफनती नदी को पार कर टापू पर फंसी महिलाओं तक पहुंच बनाई। इसके उपरांत टीम ने सुनियोजित एवं समन्वित प्रयासों से तीनों महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर नदी के किनारे ला कर पार कराया।

जिन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया उनमे रवीना देवी, पत्नी सूरज कुमार, आयु 25 वर्ष, निवासी तिलवाड़ा, गीता देवी, पत्नी जितेन्द्र कुमार, आयु 36 वर्ष, निवासी तिलवाड़ा तथा पिंकी देवी, पत्नी श्री सतीश लाल, आयु 40 वर्ष, निवासी तिलवाड़ा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *