यमुनोत्री हाईवे पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं श्रद्धालु - News Debate

यमुनोत्री हाईवे पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं श्रद्धालु

उत्तरकाशी। बारिश से बाधित हुए यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्याना चट्टी के समीप भूस्खलन से बाधित यातायात पांचवें दिन भी सुचारु नहीं हो सका है। लगातार मलबा गिरने और प्रतिकूल मौसम के कारण राजमार्ग को पूरी तरह बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं। इससे चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हनुमान चट्टी और जानकी चट्टी के बीच हाईवे का एक हिस्सा कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण बनी हुई है। कई स्थानों पर वाहन फंस रहे हैं और यात्रियों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ रहा है। दूसरी ओर जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर भैरव मंदिर के समीप लगातार चट्टानी मलबा और पत्थर गिरने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी श्रद्धालु या स्थानीय व्यक्ति के मलबे की चपेट में आने की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि स्याना चट्टी के पास युद्धस्तर पर मलबा हटाने और सड़क बहाली का कार्य लगातार जारी है। मौसम अनुकूल रहने पर जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *