दिल्ली । कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत देशभर के लाखों श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 14 जुलाई को तेलंगाना के सनत नगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल से सात नई स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।करीब 668 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन परियोजनाओं का उद्देश्य ईएसआई लाभार्थियों को आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। इन परियोजनाओं से देशभर के लगभग 53 लाख लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान सनत नगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में निर्मित नए अत्याधुनिक ओपीडी ब्लॉक का प्रत्यक्ष रूप से लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही असम के बेलटोला, तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर, आंध्र प्रदेश के राजमहेन्द्रवरम तथा गुजरात और राजस्थान में स्थापित तीन नई ईएसआई डिस्पेंसरी एवं शाखा कार्यालयों का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।
इन नई स्वास्थ्य परियोजनाओं में मरीजों के लिए ओपीडी, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, आईसीयू, आ एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब, दवा वितरण केंद्र सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ईएसआई अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी और सुदृढ़ होंगी।उद्घाटन समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण में योगदान देने वाले निर्माण श्रमिकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही ईएसआई योजना के पात्र लाभार्थियों को नकद लाभ भी वितरित किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इन नई परियोजनाओं से श्रमिकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध होंगी। इससे चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ेगी और कर्मचारी राज्य बीमा योजना का दायरा भी और अधिक मजबूत होगा। यह पहल श्रमिक कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।